चार्टर्ड प्लेन से 3.5 करोड़ की नकदी ले जाने के खुुलासे के बाद हिसार एयरोड्रम पर सीआईएसएफ की तैनाती के लिए तैैयारी शुरू हो गई है। भविष्य में पुलिस इस तरह की घटना दोहराई न जाए इसके चलते पुलिस की ओर से सुरक्षा प्रबंधों के लिए लिखा जाएगा।
चार्टर्ड प्लेन से करोड़ों रुपये भेजे जाने के बाद हिसार एयरपोर्ट की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक राजेंद्र मीणा ने इस मुद्दे को लेकर अधिकारियों के साथ अलग अलग बैठक की। उन्होंने एयरोड्रम इंचार्ज कैप्टन शैलेंद्र हुड्डा से सुरक्षा के बारे में पूरी रिपोर्ट हासिल की। पुलिस बल की ओर से मद्द किए जाने के बारे में भी जानकारी ली। आयकर विभाग के अधिकारियों के साथ भी अधीक्षक ने मंथन किया। मीडिया से बातचीत में एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि हिसार एयरोड्रम से चार्टर्ड प्लेन से कैश ले जाने का मामला गंभीर है। हम सुरक्षा को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अंदर के दायरे की सुरक्षा के बारे में भी बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई अपनी नकदी लेकर जा रहा है उसमें हमारा कोई रोल नहीं है। अगर भारी मात्रा में पुरानी करेंसी लाने-ले जाने की सूचना मिलती है तो हम आयकर विभाग के लोगों को बुलाते हैं। उनके दखल के अनुसार ही आगे की कार्यवाही होती है।
अलर्ट हुआ खुफिया विभाग
करोड़ों की नकदी हिसार से दीमापुर ले जाने की घटना सामने आने के बाद खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है। बुधवार को आईबी के अधिकारियों ने भी एसपी से मुलाकात की। खुफिया विभाग की टीम स्थानीय दिल्ली बाईपास के नजदीक थ्री स्टार होटल तक भी पहुंचे, जिसमें वह नकदी ले जाने का आरोपी ठहरा था। हिसार के एक कारोबारी ने होटल का कमरा अपने नाम से बुक कराया था। पुलिस ने इस कारोबारी से भी जांच में सहयोग मांगा है।
13 नवंबर का राज नहीं खुला
हिसार एयरोड्रम से 13 नवंबर को भी चार्टर्ड प्लेन ने उड़ान भरी थी। एके अंटोनी ने ही हिसार से दीमापुर के लिए प्लेन बुक किया था। उस समय भारी भरकम चार पांच बैग यहां से भेजे गए थे। 13 नवंबर को हिसार से आलोक सिंह तथा वरुण शर्मा दीमापुर गए थे। उस फ्लाइट में करोडो़ं रुपये भेजे जाने की आशंका है, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पा रहा।
एक नहीं दो प्लेन उडे थे मंगलवार को
मंगलवार को हिसार से एक नहीं दो चार्टर्ड प्लेन उड़े थे। सुबह करीब साढे़ सात बजे चार्टर्ड प्लेन दीमापुर के लिए रवाना हुआ था। इसके बाद करीब दस बजे एक प्लेन हिसार से दिल्ली के लिए गया था। दिल्ली के लिए गए प्लेन के बारे में अभी पूरी डिटेल नहीं दी जा रही।
बिना फायर बिग्रेड गाड़ी ही उड़े प्लेन
हिसार एयरोड्रम से चार्टर्ड प्लेन उड़ाने के समय सुरक्षा मानकों का पालन भी नहीं किया गया। नियम के अनुसार मौके पर फायर बिग्रेड की गाड़ी होने के बाद ही प्लेन को उड़ने या उतरने की अनुमति दी जाती है। मंगलवार को फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही प्लेन उड़े थे।
चार लोग थे प्लेन में
जानकारी के अनुसार मंगलवार को दीमापुर के लिए उडे़ प्लेन में चार लोग गए थे। इजसमें एक पायलेट, एक को पायलेट, एक एयर होस्टेस शामिल थे। छह सीट वाले इस प्लेन को दिल्ली से बुक किया गया था।
किराए पर दे रखा है हैंगर
एयरोड्रम पर बने हैंगर को किसी निजी व्यक्ति ने किराए पर लिया हुआ है। हैंगर को किराए पर लेने वाला यह पायलेट दूसरी जगह से यहां छोटे विमान लेकर आता है। यहां ऐसे छोटे विमानों की मेंटेनेंस का काम किया जाता है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से हमें सुरक्षा जांच के बारे में किसी तरह के निर्देश नहीं हैं। एयरोड्रम पर उतरने - चढ़ने वाले यात्री की जांच के बारे में कोई आदेश नहीं हैं। इस बारे में प्रदेश सरकार को मानक तय करने होंगे। मैंने स्थानीय पुलिस को एवियेशन क्लब की सुरक्षा के बारे में कई बार पत्र भी लिखे थे।
- कैप्टन शैलेेंद्र हुडडा, इंचार्ज, हिसार एयरोड्रम
चार्टर्ड प्लेन से करोड़ों की नकदी भेजने का मामला बेहद गंभीर है। यहां भी सीएसआईएफ तैनात करने के बारे में फैसला लिया जाएगा। जहां भी जरूरत होगी पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा। सुरक्षा मानकों को लेकर निर्देश जारी किए जाएंगे।
- राजेंद्र कुमार मीणा, एसपी, हिसार
हमारा केवल मेंटेनेंस सर्विस प्रोवाइडर का काम है। हमारा इंजीनियर एयर क्राफ्ट की जांच के बाद ओके का सर्टिफिकेट देता है। एयर क्राफ्ट के अंदर कौन जा रहा है। क्या लेकर जा रहा है इससे हमारा ताल्लुक नहीं होता। सुरक्षा के संबंध में कैप्टन ही फैसला लेते हैं। मैं खुद रिटायर्ड कैप्टन हूं। मैंने किसी के लिए होटल बुक नहीं कराया।
- संदीप सर्राफ, हिसार एयरपोर्ट हैंगर, संचालक