हिसारवासी भी अब एटीएम के जरिये मोबाइल को रिचार्ज कर सकेंगे। साथ ही मोबाइल का बिल भी भर सकेंगे। इसके लिए बस डिपो पर बने लोकल बस स्टैंड पर नई एटीएम लगाई जाएगी। रिचार्ज के साथ-साथ इस एटीएम से लोगों को अन्य बहुत सी सुविधाएं भी मिलेंगी। इनमें भविष्य में बिजली के बिल व पानी के बिल भी भर सकेंगे।
ऐसे कर सकते हैं रिचार्ज
मोबाइल को रिचार्ज करने के लिए एटीएम में डेबिड कार्ड अथवा एटीएम कार्ड डालकर ही मोबाइल को रिचार्ज किया जा सकता है। रिचार्ज के लिए एटीएम में डेबिट कार्ड डालते हैं तो रिचार्ज करने के ऑप्शन आते हैं। इनको फॉलो करते हुए किसी भी मोबाइल कंपनी का रिचार्ज कर सकते हैं। रिचार्ज करने व बिल अदा करने पर डेबिट कार्ड से ही राशि की कटौती हो जाएगी।
साथ ही मोबाइल का बिल भरने के लिए भी एटीएम अथवा डेबिड कार्ड से ही बिल अदा कर सकेंगे। इन दोनों सुविधाओं को प्रयोग उतना ही आसान होगा, जितना एटीएम से पैसे निकालना व जमा करना।
मार्च तक हो जाएगा एटीएम का काम पूरा
बस डिपो पर लोकल बस स्टैंड पर एक निजी बैंक की एटीएम लगाई जाएगी। इसको लगाने का काम मार्च महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। एटीएम मशीन लगाने का काम एक निजी कंपनी को दिया गया है। इसको लगाने में करीब 10 लाख की लागत आएगी। एटीएम लगाने का काम मंगलवार से आरंभ कर दिया जाएगा।
मनमर्जी के नोट निकालने की मिलेगी सुविधा
बैंक की एटीएम से मनमर्जी के नोट निकालने की सुविधा भी इस मशीन में दी गइ है। इससे मनमर्जी के नोट जैसे सौ, पांच सौ या हजार के नोट निकाल सकते हैं।
ये मिलेंगी सुविधाएं
- एटीएम मशीन से कर पाएंगे मोबाइल रिचार्ज
- मोबाइल का बिल अदा करने की मिलेगी सुविधा
- सौ से हजार तक के नोट निकाल पाएंगे
- शुरुआती पांच ट्रांजेक्शन होंगे फ्री
- 24 घंटे सर्विस देगी एटीएम
लोकल बस स्टैंड पर एटीएम लगाने का काम मार्च माह के अंत तक पूरा हो जाएगा। इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
- राम कुमार भुक्कल, जीएम बस डिपो हिसार