नारनौद। हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन (हेमसा) ने सरकार पर निजीकरण को बढ़ावा देने और रेशनलाइजेशन के नाम पर पद समाप्त करने का आरोप लगाया है। संगठन ने 11 फरवरी को शिक्षा सदन, पंचकूला में हल्ला बोल का आयोजन करने का एलान किया है।
संगठन के राज्य महासचिव हितेंद्र सिहाग ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा बोर्ड भिवानी को बंद करने की योजना बना रही है जिसे हेमसा किसी भी हालत में सफल नहीं होने देगा।
सिहाग ने कहा कि विभाग में वर्कलोड के अनुसार नए पद स्वीकृत किए जाएं और सभी प्रमोशनल पदों पर शीघ्र पदोन्नति हो। एसीपी और सीसीएल समय पर लागू किए जाएं। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद सरकार और अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे, बल्कि रेशनलाइजेशन के नाम पर पद खत्म किए जा रहे हैं। हेमसा 12 फरवरी को निजीकरण और कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ ट्रेड यूनियनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भी भाग लेगा।
राममोहन शर्मा चुने गए प्रधान :
बैठक में सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रभारी देवेंद्र लोहान, ब्लॉक सचिव जसबीर श्योकंद, कोषाध्यक्ष विकास गौतम आदि ने संबोधित किया। बैठक की अध्यक्षता राममोहन शर्मा ने की। बैठक में हेमसा एसकेएस की ब्लॉक कमेटी का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया। इसके तहत राममोहन शर्मा को प्रधान, जोगेंद्र सिंह उपप्रधान, कविता महिला उपप्रधान, सुनील शर्मा सचिव, दीपक लोहान सहसचिव, गौरव कोषाध्यक्ष और रेनू प्रेस सचिव चुना गया।