सीएम मनोहरलाल ने कहा है कि नाट्य कला फिल्मों से काफी कठिन है। इसमें री टेक का मौका नहीं होता। कला को प्रोत्साहन देने के लिए 15 जनवरी तक हरियाणा की फिल्म पॉलिसी घोषित कर देंगे। स्वर्ण जयंती प्रदेश भर मेें फिल्मोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें गांव गांव जाकर हरियाणवी फिल्में दिखाएंगे।
अभिनय रंग मंच की ओर से आयोजित रंग आंगन थियेटर फेस्टिवल में पहुंचे सीएम मनोहरलाल ने कहा कि नाटक कला सभी विधाओं से कठिन है। फिल्मों में कुछ सीन नाटक से अच्छे हो सकते हैं लेकिन वहां सुविधा है। नाटक में री टेक का मौका नहीं होता। यहां नाटक शुरू होने के बाद एक घंटे तक लगातार अभिनय करना है। कला और संगीत की अपनी भाषा होती है। हर कोई इस भाषा को नहीं समझ सकता। सीएम ने कहा कि पीएम के स्टार्ट अप के अनुसार कलाकार काम करें। नए कलाकारों को प्रतिभा का मौका दिलाएं। अपनी विधा के जरिए देश भर में हरियाणा की कला संस्कृति को पहचान दिलाएं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए 15 जनवरी तक हरियाणा फिल्म नीति घोषित कर देंगे। इसमें कलाकारों को काफी अवसर मिलेंगे। हरियाणा की संस्कृति अन्य प्रदेशों तथा देशों तक पहुंचे इसके लिए हमने इंटरनेशनल लेवल पर एमओयू भी किया है। हमारे कलाकार वहां जाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि हरियाणा स्वर्ण जयंती उत्सव में फिल्मोत्सव होगा, जिसमें हरियाणवी फिल्मों को गांव गांव जाकर दिखाएंगे। सीएम ने थियेटर फेस्टिवल आयोजकों को 11 लाख रुपये देने का एलान किया।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, पूर्व मंत्री छतरपाल सिंह, जिला महामंत्री सुजीत कुमार, चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अरुण दत्त शर्मा, ब्लाक समिति चेयरमैन हंसराज बैनीवाल ,सुनीता दुग्ग्ल, एचएयू कुलपति केपी सिंह, लुवास कुलपति श्रीकांत शर्मा, आईजी ओपी सिंह, डीसी निखिल गजराज, एसपी राजेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य उपस्थित थे।
कैलेंडर का विमोचन किया
सीएम ने विशाल जिंदल की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इन्हीं तस्वीरों पर आधारित कैलेंडर का विमोचन भी किया। सीएम ने पेंटिंग प्रदर्शनी की कृतियां देखी। अर्चना सुहासिनी ने अपनी टीम ने हरियाणवी लोकगीतों से सीएम का स्वागत किया। अभिनय रंग मंच के अध्यक्ष मनोज बंसल और सचिव मनीष जोशी ने सीएम का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
लखमीचंद के जीवन को नाटक में दिखाया
हरियाणा के प्रख्यात लोक गायक एवं कवि लखमी प्रेम नाटक के मंचन के माध्यम से उनके जीवन को पेश किया गया। रेहान, शुभम, चंदन और प्रशांत ने बखूबी निभाया है। सूत्रधार की भूमिका बबलू दहिया ने निभाई। इसके अलावा राखी दुबे जोशी, विभोर, अर्चना, अभिषेक, राहुल वाधवा, मंदीप, रणबीर, दक्ष, सुमित, सौरभ, अनूप बिश्नोई, राजेश, रजत व अलोक ने किरदार निभाया।
इनको मिला सम्मान
सीएम ने बारूराम रंग सम्मान सारंगी वादक मामन खान, पंडित लखमीचंद रंग सम्मान जुहुर मीर, बेस्ट कॉन्ट्रिब्यूशन इन परफोर्मिंग आर्ट सम्मान नवदीप कौर, बेस्ट थियेटर परफार्मिंग अवॉर्ड विश्व दीपक त्रिखा को, प्रेमदास बिल्ला रंग सम्मान जगबीर राठी को, बेस्ट एंकर अवार्ड अल्पना सुहासिनी को प्रदान किया।