हरियाणा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने मुआवजा वितरण में हुई देरी के लिए माफी मांगी है। हिसार में किसानों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में डिप्टी स्पीकर ने कहा कि अगर कोई ठेस पहुंचाने वाली बात कही गई तो क्षमा मांगता हूं। उन्होंने किसानों से मुआवजे के लिए दस दिन का समय मांगा। किसानों को भरोसा दिलाते हुए गंगवा ने कहा कि हर हालत में मुआवजा मिलेगा। कुछ कारणों के चलते देरी हुई है।
गंगवा ने कहा कि बालसमंद गांव आदमपुर विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। जो मेरे नलवा विधानसभा क्षेत्र में नहीं आता है। इसके बावजूद मैंने किसानों के दर्द को समझते हुए उनकी समस्या के समाधान का प्रयास किया। दस दिन में मुआवजा दिला दिया जाएगा।
बालसमंद उप तहसील में किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब 40 दिन धरना दिया था। डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने दस दिन में मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाते हुए धरना समाप्त कराया था। एक महीने बाद भी मुआवजा नहीं मिला तो किसानों ने 16 अगस्त से उनके आवास के बाहर धरना शुरू कर दिया था।