हांसी। फतेहाबाद में तैनात सिपाही राजेश कुमार को उनके पुत्र युवांश के इलाज के लिए हांसी के पुलिस अधीक्षक अमित ने 24.70 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया। यह सहायता राशि पुलिस विभाग हांसी के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों के एक दिन के वेतन से एकत्रित की गई है।
हांसी पुलिस के एसपी, तीन डीएसपी सहित 1597 पुलिसकर्मियों ने अपने एक दिन का वेतन सहयोग के लिए दिया है। पुलिस विभाग के साइबर सेल फतेहाबाद में कार्यरत राजेश हिसार के गांव जाखोद खेड़ा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि युवांश का जन्म 9 अक्तूबर 2024 को हुआ था। जब वह दो महीने का हुआ तब सामान्य बच्चों की तरह सक्रिय नहीं था। इस पर हिसार में हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाया। मई में जांच के दौरान उसे स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी टाइप-1 बीमारी की पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि उपचार के लिए इंजेक्शन स्विट्जरलैंड में मिलता है। जिसकी कीमत करीब 14.50 करोड़ रुपये है। राजेश ने बताया कि इस इंजेक्शन के लगाए जाने तक युवांश की सेहत में सुधार नहीं होगा। जब तक इंजेक्शन नहीं दिया जाता तब तक उसे एक दवा दी जा रही है, जिसकी कीमत करीब 6.50 लाख रुपये है। इसका असर 45 दिन तक रहेगा। 45 दिन में 14.50 कराेड़ वाला इंजेक्शन नहीं लगाया गया तो दोबारा से 6.50 लाख रुपये वाला इंजेक्शन लगाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग से सबसे अधिक सहयोग मिला है। करीब दस जिलों के पुलिस स्टाफ से एक दिन के वेतन के हिसाब से मदद आई है। अब तक करीब 4 करोड़ रुपये एकत्रित हो चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने युवांश के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि हम एक परिवार हैं और जब परिवार का कोई सदस्य कठिन समय से गुजर रहा हो, तो सभी को साथ खड़ा होना चाहिए। यह सहयोग उस भावना का प्रतीक है।