हिसार। रोडवेज बसों की लोकेशन जानने के लिए 17 दिन पहले एप तो लॉन्च हो गई थी लेकिन अभी तक बसों में जीपीएस सिस्टम नहीं लगने के कारण एप इस्तेमाल नहीं हो पा रही है। इस कारण यात्रियों को बसों की लोकेशन पता नहीं चल रही है।
काफी यात्रियों ने इस एप को मोबाइल में डाउन लोड भी किया है मगर एप का कोई भी फायदा नहीं मिल रहा है। जब हम एप खोलते है तो बस का नंबर माग रहा है। ऐसे में यात्री भी असमंजस की स्थिति में बने हुए हैं। रोडवेज अधिकारियों की मानें तो जल्द ही बसों में जीपीएस सिस्टम लगाने का काम शुरू किया जाएगा। उसके बाद कोई परेशानी नहीं होगी।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने 15 अगस्त को आदेश दिए थे कि हरियाणा रोडवेज बसों में जीपीएस ट्रैकिंग के लिए एप शुरू करें। एप के माध्यम से यात्री बसों की लोकेशन पता लगेगी। मगर एप में अभी कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं हो रही है। हिसार डिपो में 266 रोडवेज की बसें हैं। एप शुरू होने के बाद यात्रियों को पूछताछ केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एप में इस तरह मिलेगी जानकारी
सबसे पहले प्ले स्टोर पर जाकर हरियाणा रोडवेज के नाम से एप डाउनलोड करें। एप डाउनलोड होने के बाद इसे ओपन करेंगे तो दाएं हाथ की तरफ स्किप को दबाए। उसके बाद एप खुल जाएगी। सबसे ऊपर टिकट बुकिंग दिखाएगा। फिर अप्लाई हैप्पी कार्ड लिखा होगा। उसके नीचे लाइव ट्रैकिंग लिखा दिखेगा। लाइव ट्रैकिंग को क्लिक किया तो बस नंबर मांग रहा है।
-
एप या फिर जीपीएस सिस्टम लगाने को लेकर कोई डायरेक्शन आई है तो रोडवेज महाप्रबंधक से बातचीत की जाएगी। मुख्यालय से उनके पास ही पत्र आते हैं। जल्द ही यात्रियों के लिए सुविधा शुरू होगी।
- प्रीतम सिवाच, ट्रैफिक मैनेजर, रोडवेज।