सुरेंद्र दलाल
हिसार। इस साल बाजरे की खरीद की बजाय सरकार किसानों को भावांतर भरपाई योजना की तर्ज पर बाजार भाव व न्यूनतम समर्थन मूल्य का पैसा खाते में देने की योजना पर काम कर रही है। इस बारे में सीएम, डिप्टी सीएम, कृषि मंत्री और विभाग के आला अधिकारियों के बीच दो बार बैठक हो चुकी है। अगले सप्ताह तक इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
इस साल बाजरा बेचने के लिए मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर करीब 2 लाख 68 हजार किसानों ने पंजीकरण कराया है। प्रदेश में कुल 11 लाख 29 हजार 793 एकड़ भूमि पर बाजरे के लिए 2 लाख 68 हजार 611 किसानों ने पंजीकरण किया है।
अनुमान के अनुसार इस बार भी पिछले साल जितना 7.5 लाख मीट्रिक टन बाजरा मंडियों में आने की संभावना है। इस बार सरकार बाजरे की खरीद की बजाय किसान को भावांतर का भुगतान की तैयारी में है। बाजार भाव और न्यूनतम समर्थन मूल्य के बीच के अंतर का किसानों के खाते में करने की योजना है। सरकार पीडीएस में वितरण किए जाने वाले बाजरे की ही खरीद करेगी। सरकार इस पर अंतिम फैसला नहीं ले पा रही है। इस सप्ताह दोबारा होने वाली बैठक में अंतिम निर्णय होगा।
कहां अटकी बात
दक्षिण हरियाणा में प्रदेश का 70 प्रतिशत बाजरा होता है। दक्षिण हरियाणा में किसान आंदोलन का असर नहीं है। अगर बाजरा खरीद नहीं हुई तो किसान सरकार से नाराज न हो जाएं इसका डर बना हुआ है।
इस सीजन के लिए बाजरे का एमएसपी 2250
सामान्य तौर पर बाजरे की खरीद एक अक्तूबर से शुरू होती है। इस बार बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2250 रुपये तय किया गया है। पिछले साल 2150 रुपये एमएसपी पर बाजरे की खरीद हुई थी। इस समय मंडियों में उपलब्ध राजस्थान का बाजरा 1200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से मिल रहा है।
अभी अंतिम फैसला नहीं
इस योजना पर बात हुई है। अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। इस सप्ताह कृषि विभाग की ओर से बाजरा उत्पादन की अनुमानित रिपोर्ट मिलेगी। जिसके बाद फैसला होने की संभावना है। पिछले साल 7 लाख 56 हजार मीट्रिक टन बाजरा खरीदा था।
- अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव, खाद्य आपूर्ति विभाग, हरियाणा।
पैसे खाते में देने की बात चल रही है
सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बाजरा खरीदती है। उसके बाद उसे वापस बेचती है। इस बार बाजरा खरीद की बजाय किसानों को भावांतर योजना के तहत पैसा खाते में देने की योजना पर बात चल रही है। अभी अंतिम फैसला नहीं लिया।
- जेपी दलाल, कृषि मंत्री हरियाणा।
किस जिले में कितना बाजरा और पंजीकृत किसान
जिला बाजरे का एरिया पंजीकृत किसान
महेंद्रगढ़ 07916 57578
भिवानी 128601 37408
रेवाड़ी 155086 41200
चरखी दादरी 128601 27584
हिसार 56037 21015
(नोट : एरिया एकड़ में है।)