हिसार। एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होगी। खरीद को लेकर शेड्यूल जारी हो चुका है। प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को हैफेड की ओर से खरीद की जाएगी। वहीं मंगलवार और शनिवार को एफसीआई और वीरवार को फूड सप्लाई की ओर से खरीद होगी। हालांकि गेहूं खरीद को लेकर नई अनाज मंडी में अभी कोई तैयारी नहीं है। मार्केट कमेटी के अधिकारियों के अनुसार मंडी में 15 अप्रैल के बाद ही गेहूं पहुंचना शुरू होगी।
बता दें, कि गेहूं खरीद के लिए मार्केट कमेटी की ओर से हिसार जिला में छह सेंटर बनाए हैं। इनमें नई अनाजमंडी, बालसमंद, कैमरी, लाडवा, हरिता और मिर्जापुर शामिल हैं। गेहूं का सरकारी खरीद रेट 2015 रुपये प्रति क्विंटल है। यदि गेहूं में 12 प्रतिशत तक नमी हुई तो भी किसान की फसल खरीदी जाएगी। वहीं, मंडी में खरीद को लेकर कोई तैयार नजर नहीं आ रही है। शेड के नीचे आढ़तियों ने सामान रखकर कब्जा किया हुआ हैं। यहां तक कि शेड के नीचे गाड़ियां भी खड़ी की हुई हैं। मंडी में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। मंडी में लगे प्याऊ में पानी तक नहीं है।
हमारी ओर से गेहूं खरीद को लेकर तैयारी पूरी हैं। गेहूं खरीद के लिए छह सेंटर बनाए गए हैं। किसानों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - अशोक कुमार, मंडी सुपरवाइजर, मार्केट कमेटी हिसार
गेहूं खरीद का शेड्यूल जारी हो चुका हैं। सरकार के आदेशानुसार एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू कर दी जाएगी। - अनिल कुमार, सेल्समैन कम कैशियर, द हिसार कॉपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी, नई अनाज मंडी
प्राइवेट एजेंसियां किसानों को दे रही सरसों के अच्छे दाम
प्राइवेट एजेंसियां किसानों को सरसों का अच्छा दाम दे रही हैं। ऐसे में अभी तक मंडी में सरसों की सरकारी खरीद नहीं हो पाई हैं। सरसों का सरकारी खरीद रेट 5050 रुपये प्रति क्विंटल हैं, लेकिन प्राइवेट एजेंसियां 6100 से लेकर 6800 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से खरीद रही हैं।
सरकार को गेंहू खरीद का उठान 24 घंटों व भुगतान 72 घंटों के अंदर करना चाहिए : गर्ग
व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक अनाज मंडी में व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। गर्ग ने कहा कि 1 अप्रैल से हरियाणा में गेहूं की खरीद शुरू होने जा रही है। सरकार को गेहूं खरीद का उठान व भुगतान समय सीमा पर करना चाहिए। जबकि गेहूं खरीद का उठान काफी लेट होने से मंडियां गेहूं से भर जाती हैं और मंडियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें गाड़ियों की लगती हैं।
गर्ग ने कहा कि गेहूं खरीद के साथ-साथ 72 घंटे में गेहूं खरीद का भुगतान सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार करनी चाहिए। बैठक में अनाजमंडी जिला प्रधान पवन गर्ग, अनाजमंडी प्रधान रामअवतार गोयल, महासचिव जगदीश गोदारा, मंडी मंदिर प्रधान अशोक गुप्ता, उकलाना प्रधान राजेश चौधरी, आदमपुर प्रधान दीनदयाल गोयल, सिवानी मंडी प्रधान दीनदयाल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।