जिला नागरिक अस्पताल में काले बिल्ले लगाकर मरीजों को देखता चिकित्सक।
हिसार। स्वास्थ्य विभाग के आठ अधिकारियों के खिलाफ नियम-8 के तहत जारी कार्रवाई के नोटिस के विरोध में हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएसए) के आह्वान पर जिलेभर के सरकारी चिकित्सकों ने वीरवार को काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी की। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि 27 जुलाई तक चिकित्सक इसी तरह विरोध जारी रखेंगे। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो आगामी रणनीति तय की जाएगी।
एचसीएमएसए के जिलाध्यक्ष डॉ. मनीष पूनिया ने बताया कि कार्य में गंभीर लापरवाही और सार्थक टीम के नोटिसों का संतोषजनक जवाब नहीं देने के आरोप में आठ स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ नियम-8 के तहत कार्रवाई के नोटिस जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई के विरोध में अधिकारियों ने एसोसिएशन को अवगत कराया था।
उन्होंने बताया कि जिला कार्यकारिणी ने 22 जुलाई को दो घंटे की कलम छोड़ हड़ताल करने तथा आदेश वापस लेने तक काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी करने का निर्णय लिया था। डॉ. मनीष पूनिया ने कहा कि सरकारी चिकित्सक स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के साथ-साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं। कर्मचारियों की कमी और अन्य व्यवस्थागत चुनौतियों के बीच कार्य करने के बावजूद व्यवस्थागत कमियों के लिए व्यक्तिगत चिकित्सकों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। इससे चिकित्सकों का मनोबल प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि आदेश वापस होने तक विरोध स्वरूप चिकित्सक काले बिल्ले लगाकर अपनी सेवाएं देते रहेंगे।