फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ए प्लस ग्रेड के साथ प्रयास रैंकिंग में प्रदेशभर में तीसरे नंबर पर गवर्नमेंट पीजी कॉलेज

विज्ञापन
विज्ञापन
नैक से पहले उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी की गई रैंकिंग प्रयास में हिसार के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज को प्रदेशभर में तीसरा स्थान मिला है। विभिन्न मापदंडों पर कॉलेज को आंकने के बाद कुल 500 में से कॉलेज को कुल 390 अंक मिले। गवर्नेंस ऐंड मैनेजमेंट, आउटरीच एक्टिविटी ऐंड सोशल इंपेक्ट, खेल व सांस्कृतिक सहित अन्य गतिविधियों में विद्यार्थियों के श्रेष्ठ प्रदर्शन की श्रेणी में कॉलेज को पूरे अंक मिले।
विज्ञापन

मंगलवार को पंचकूला स्थित शिक्षा विभाग के निदेशालय में उच्च्तर शिक्षा विभाग के निदेशक श्रीनिवासन ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीएस रोहिल्ला को संबंधित प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कॉलेज को इस रैंकिंग में सबसे उच्च ए प्लस श्रेणी की ग्रेड मिली है। इस ग्रेड व रैंकिंग के लिए प्रदेशभर के शीर्ष 33 कॉलेजों को शामिल किया गया था, जिनमें जिले के भी दो कॉलेज शामिल थे। आदमपुर स्थित एफजीएम गवर्नमेंट कॉलेज को 312 अंकों के साथ ए ग्रेड मिली।
क्या है प्रयास
प्रदेश के उच्चतर शिक्षा विभाग ने नैक की तरह ग्रेडिंग सिस्टम शुरू किया था ताकि नैक की ग्रेड से पहले कॉलेज अपने प्रदर्शन को जान सके। विभाग की ओर से प्रयास यानी परफॉर्मेंस रेटिंग यार्ड स्टिक एकेडमिक ऑडिट स्टैंडर्ड नामक फ्रेमवर्क तैयार किया गया था। इसके तहत प्रदेश के कॉलेजों में सुविधाओं, प्लेसमेंट, टीचिंग एप्टीट्यूड, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रूम, एमओयू, प्लेसमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर आदि का मूल्यांकन किया गया। इस प्रक्रिया के बाद रैंकिंग और ग्रेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कॉलेजों को सरकार अलग से ग्रांट देगी और बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाएगी।
विज्ञापन

इनमें बेहतरीन प्रदर्शन
गवर्नेंस ऐंड मैनेजमेंट में सबसे अधिक अंक - 30/30
इस श्रेणी में कॉलेज को सबसे अधिक अंक मिले। कुल 30 में से 30 अंक हासिल हुए। इसके तहत कॉलेज को चलाने के लिए विभिन्न तरह की मैनेजमेंट का मूल्यांकन किया गया। इसमें स्टूडेंट काउंसिल, रैगिंग, सेक्सुअल हृासमेंट सहित विभिन्न कमेटियां, एकेडमिक और एडमिनिस्ट्रेशन बॉडी आदि की कार्यशैली का मूल्यांकन हुआ।
आउटरीच एक्टिविटी ऐंड सोशल इंपेक्ट - 30/30
इस श्रेणी में कॉलेज में बनाई गई एलुमिनाई एसोसिएशन और उनकी बैठकें, विस्तार कार्यक्रमों एनएसएस, एनसीसी, रेडक्रॉस आदि में विद्यार्थियों की संख्या, सरकार, इंडस्ट्री, एनजीओ, एनएसएस आदि के साथ आयोजित किए गए कार्यक्रमों को शामिल किया गया। इसमें कॉलेज को कुल 30 में से 30 अंक मिले।
स्टूडेंट एंग्जमेंट/सपोर्ट सर्विस - 40/40
कॉलेज के विद्यार्थियों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इस श्रेणी में कॉलेज को 40 में से 40 अंक मिले। इसके तहत तहत विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न स्तर पर खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व अन्य गतिविधियों में जीते गए मेडल व अवॉर्ड, इंटर लेवल पर कितने खेलों में कॉलेज के विद्यार्थी भाग लेते हैं और उनका प्रदर्शन, लैंग्वेज लैब या एजुसेट में हुई ट्रेनिंग में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के प्रतिशत आदि को शामिल किया गया।
बेहतर प्रदर्शन
- एकेडमिक क्वालिटी - 23/30
कॉलेज को कुल 30 में से 23 अंक मिले। इसमें कॉलेज के नैक, एनबीए से मिली ग्रेड, यूजीसी की विभिन्न सेक्शन के तहत अप्रूवल, दाखिले के दौरान कट ऑफ, विद्यार्थियों की कॉलेज में बढ़ती संख्या आदि का मूल्यांकन किया गया।
टीचिंग ऐंड लर्निंग क्वालिटी - 74/95
कुल 95 अंकों में से कॉलेज को 74 अंक मिले। इसमें पिछले तीन वर्ष में विद्यार्थियों की कॉलेज से संतुष्टि, शिक्षकों की उपस्थिति का प्रतिशत, ग्रेजुएट होने वालों की दर, शिक्षकों को पिछले पांच वर्ष में मिलने वाले अवॉर्ड व विभिन्न फेलोशिप, शिक्षकों द्वारा लेक्चर में कम से कम 40 प्रतिशत लेक्चर में ई-कंटेट का उपयोग आदि के मूल्यांकन को शामिल किया गया था।
इंफ्रास्ट्रक्चर (भवन और आईटी) - 112/135
यह श्रेणी के सबसे अधिक 135 अंक थे। इसमें मूलभूत एवं आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया गया था। इनमें स्मार्ट क्लास रूम की संख्या, फंक्शनल एवं अपडेट वेबसाइट, लैंग्वेज लैब, पावर बैकअप, सेमिनार रूम, पार्किंग, ऑडिटोरियम, खेल के मैदान, कैंटीन, बायोमीट्रिक अटेंडेंस, वायरलेस इंटरनेट अक्सेस, रीडिंग रूम आदि शामिल हैं। कॉलेज को इस मामले में 135 में से 112 अंक हासिल हुए।
रिसर्च क्वालिटी ऐंड इंपेक्ट - 18/25
गवर्नमेंट पीजी कॉलेज को इसमें 25 में से 18 अंक हासिल हुए। इसमें पीएचडी किए हुए नियमित शिक्षकों, शिक्षकों द्वारा वर्तमान शैक्षणिक सत्र में पूरे किए गए रिसर्च कार्य, शिक्षकों द्वारा नेशनल, इंटरनेशनल सेमिनार में शोध पत्रों की प्रस्तुति, शिक्षकों द्वारा लिखी गई पुस्तकें, स्कॉप्स में पब्लिकेशन आदि का मूल्यांकन किया गया था।
इनमें रहे औसत -
इंक्यूसिविटी, रिप्रेजेंटेशन ऐंड डाइवर्सिटी - 13/20
सभी कोर्स में छात्राओं का प्रतिशत, आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों की संख्या, गरीबी रेखा से नीचे क विद्यार्थियों की संख्या, दूसरे राज्यों या दूसरे देशों के विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर मूल्यांकन हुआ। इस श्रेणी में कॉलेज को 20 में से 13 अंक हासिल हुए।
एम्प्लॉयबिलिटी - 42/80
कुल 80 में से 42 अंक मिले। इस श्रेणी के तहत कैंपस प्लेसमेंट, प्री-प्लेसमेंट, करियर काउंसिलिंग, फाइनल ईयर के विद्यार्थियों की प्लेसमेंट की औसत और उनकी सेलरी, एंटरप्रन्योर्स की संख्या आदि का मूल्यांकन किया गया था।
कोलेब्रेशन स्ट्रेटजी ऐंड अलायंस - 03/10
इसमें कॉलेज को सबसे कम कुल 10 अंकों में से तीन अंक मिले। शिक्षकों द्वारा कहीं भी होने वाले राज्यस्तरीय, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय सेमिनार को चेयर करना या बतौर पेनलिस्ट शामिल होना और विभिन्न संस्थानों और इंडस्ट्रीज द्वारा होने वाले एमओयू को शामिल किया गया था।
वर्जन
प्रयास में हम ए प्लस ग्रेड के साथ प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहे। यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। मैं अपने विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं। भविष्य में हम सब मिलकर कॉलेज को और बेहतर बनाएंगे।
विज्ञापन

-डॉ. पीएस रोहिल्ला, प्रिंसिपल, गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, हिसार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें