हांसी। गोपुत्र सेना हरियाणा टीम ने गांव ढाणा कलां के समीप 12 ऊंटों को ट्रक से छुड़वाया। ऊंटों को लोहारू से बिहार के पूर्णिया में ले जाया जा रहा था। ट्रक में उनके चारा, पानी व फर्स्ट ऐड सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी।
गोपुत्र सेना के जिला सचिव सौरभ नोयल ने बताया कि वह बरवाला से महम की तरफ जा रहे थे। तब हांसी के पास ट्रक दिखाई दिया। जिस पर तिरपाल लगा हुआ था। शक के आधार पर उन्होंने डायल 112 पर कॉल किया तो कुछ दूरी पर डायल 112 के सहयोग से रुकवा लिया। तिरपाल हटाकर जांच की गई तो ट्रक में ऊंट भरे मिले। जिनके मुंह व पैर बांध रखे थे। चारा-पानी की व्यवस्था नहीं मिली। थाना प्रभारी सिद्धार्थ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ऊंटों से भरा ट्रक कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। एएसआई मुनीश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर चालक यूपी के मैनपुरा के मुगलपुर निवासी शामेंद्र व ऊंट लदवाने वाले राजीव उर्फ राजू के खिलाफ पशु क्रूरता के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। 10 ऊंटनी व 2 ऊंट को चारा पानी के लिए महर्षि दयानंद सरस्वती गोशाला डोभी में उतार दिया। इस दौरान कंवलजीत भुक्कल, प्रमोद स्वामी, गौरव, विक्रम सैन, संजय ठसका, पकंज, गौरव, राकेश, मोहित व सुनील क्रांतिकारी सहित अन्य मौजूद रहे।