हिसार। यात्रीगण कृपया ध्यान दें, रेलवे ने लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए प्लेटफार्म में बदलाव किया है। सिकंदराबाद, हिसार-बांद्रा सहित कई ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर-1 के बजाय अब प्लेटफार्म नंबर-2 से रवाना होंगी। नई व्यवस्था लागू होने के साथ ही यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। अब यात्रियों को फुट ओवरब्रिज से प्लेटफार्म नंबर-2 पर जाना पड़ेगा। हालांकि काफी यात्री जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार कर प्लेटफार्म नंबर-2 पर जा रहे हैं, ऐसे में हादसा हो सकता है। हिसार-कोयम्बटूर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हिसार-सिकंदराबाद, विवेक एक्सप्रेस, हरिद्वार-भावनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हिसार-तिरुपति एक्सप्रेस, हिसार-बांद्रा एक्सप्रेस और श्री माता वैष्णो देवी कटरा ट्रेन अब प्लेटफार्म नंबर-2 से रवाना होंगी।
बता दें, कि अभी तक ये ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर-1 से रवाना होती थी। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन से उतरने और चढ़ने में आसानी होती थी। मगर अब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-2 से रवाना होने के कारण यात्रियों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। बड़वाली ढाणी निवासी अजय ने बताया ने बताया कि एक बार तो उनकी सिकंदराबाद ट्रेन भी छूट गई थी। उन्हें हिसार से चूरू जाना था। मगर उन्हें नहीं पता था कि यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-2 से रवाना होगी। ऐसे में यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए इन ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म नंबर-1 से ही किया जाए।