भारत पाक 1965 युद्ध की गोल्डन जुबली के मौके पर शनिवार को भारतीय सेना की माइक्रो लाइट टीम ने एयर शो करते हुए आसमान से फूल बरसाए।
बच्चों के लिए तिरंगे के रंगों वाले बैलून से चॉकलेट तथा टॉफी भी गिराई। करीब आधे घंटे के शो में भारतीय सेना जिंदाबाद के जमकर नारे लगे।
गोल्डन जुबली के मौके पर ले. कर्नल एमएस चावला की लीडरशिप में माइक्रो लाइट एयर शो आयोजित किया गया। हिसार एयरपोर्ट से तीन माइक्रो लाइट हवाई जहाज उड़े।
आर्मी कैंट एरिया के हेलीपैड क्षेत्र में अपने करतब दिखाए। सेना की इस टीम ने शाम सवा पांच से लेकर पौने छह बजे तक करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया।
सेना की टीम ने कर्नल एमएस रंधावा, कर्नल रंजीव सिंह, मेजर एबीवाई टीएम, सीक्यूएमएच सूरजराम, सीएचएम बहादुर सिंह, हवलदार राजेंद्र सिंह, एनके एनसी गिरी, लांस नायक संजय कुमार, लांस नायक सचिन कुमार, कदम सूरज, योगेंद्र कुमार, एसके फनैयर सहित अन्य शामिल थे।
ले. कर्नल एमएस चावला ने बताया कि पांच सितंबर से यह अभियान शुरू हुआ था। माइक्रो लाइट वायुयान ने आसमान से बडे़ आकार के तिरंगे लहराए। इसके बाद यह तिरंगे जमीन तक पहुंचे। आसमान में जय हिंद, भारतीय सेना, 1965 गोल्डन जुबली के झंडे लहराए गए।
हरे, लाल तथा सफेद रंग के बैलून में टॉफियां व चॉकलेट डालकर बच्चों के लिए आसमान से इन्हें गिराया गया। सेना की टीम ने इस मौके पर एंकरिंग करते हुए भारतीय सेना, माइक्रो लाइट टीम कार्यक्रम की जानकारी दी। साथ ही युद्ध के समय बचाव के तरीके, हमले को पहचानने आदि के बारे में बताया। इस दौरान देशभक्ति के गीत बजाए गए। बच्चों ने भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाए।
हिसार से कोटा के लिए रवाना
सेना का यह दल जोधपुर, सूरतगढ़, भटिंडा, हिसार में करतब दिखाने के बाद कोटा के लिए रवाना हो गया। कोटा तथा जयपुर में शो करने के बाद यह मिशन पूरा होगा। सेना अधिकारियों ने बताया कि इन वायुयान को ऐसे मौसम में उड़ाना काफी जोखिम भरा होता है।