जॉर्डन में हुई अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में अंतिम पंघाल ने यूक्रेन की पहलवान को 4-0 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया था। पहलवान अंतिम पंघाल अब वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी में जुट गई हैं। उसने बताया कि बेहतर प्रदर्शन के लिए फिटेनस का भी विशेष ध्यान रखूंगीं।
अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान अंतिम पंघाल अब वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी में जुट गई हैं। इस चैंपियनशिप में भी उसकी निगाह गोल्ड पर रहेगी। इस चैंपियनशिप में अंतिम पंघाल 53 किलोग्राम भारवर्ग में खेलेंगी। हिसार के आजाद नगर की रहने वाली अंतिम फिलहाल सुबह-शाम छह घंटे पसीना बहा रही हैं। उसने बताया कि वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी के लिए वह दो से ढाई घंटे प्रैक्टिस का समय और बढ़ाएगी। उसने बताया कि बेहतर प्रदर्शन के लिए फिटेनस का भी विशेष ध्यान रखूंगीं।
विज्ञापन
अंतिम पंघाल बाबा लालदास कुश्ती अखाड़ा में कोच लीली पहलवान और विकास के पास प्रशिक्षण ले रही हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप सितंबर माह में सर्बिया में होगी। पहलवान अंतिम पंघाल ने बताया कि 25 अगस्त को पटियाला में वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए ट्रायल लिए गए थे। उसकी चार फाइट हुई थी। अंतिम ने पहली फाइट में हरियाणा की अंकुश, दूसरी फाइट में मंजू, तीसरी फाइट में रजनी और अंतिम फाइट में मंजू को हराया और वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने के लिए जगह बनाई।
यूक्रेन की पहलवान को हराकर जीता था सोना
इसी माह 18 अगस्त को जॉर्डन में हुई अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में अंतिम पंघाल ने यूक्रेन की पहलवान को 4-0 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया था। वहीं, अंतिम ने वर्ष 2022 में अंडर-20 एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण, अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2021 में सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया था।