हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) का 14वां युवा महोत्सव प्रबोधिनी-2026 21 से 23 नवंबर तक आयोजित होगा। तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. विजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आयोजन समिति और विभिन्न समितियों के संयोजकों ने हिस्सा लिया।
कुलपति ने आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को अभिव्यक्त करने का मंच है। इसके लिए सभी समितियों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
बैठक में संबद्ध महाविद्यालयों की भागीदारी, प्रतिभागियों के पंजीकरण, आवास, आवागमन और भोजन की व्यवस्था के साथ प्रतियोगिताओं के संचालन पर चर्चा हुई।
चार मंचों पर होंगी प्रस्तुतियां
छात्र कल्याण अधिष्ठाता एमके शर्मा ने बताया कि विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियों के लिए चार प्रमुख मंच तैयार किए जाएंगे। इनमें मुख्य पंडाल, विश्वविद्यालय का ऑडिटोरियम और छोटे सेमिनार हॉल शामिल हैं। साहित्यिक गतिविधियों, गायन-वादन, नृत्य और थिएटर के लिए अलग-अलग मंच निर्धारित होंगे। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन के लिए निर्णायक मंडल भी गठित किए जाएंगे।
सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मिलेगा बढ़ावा
निदेशक सांस्कृतिक मामले तरुणा ने समितियों के बीच समन्वय स्थापित किया। बैठक में महोत्सव को प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखकर युवा प्रतिभाओं के संवाद, सृजन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का उत्सव बनाने पर जोर दिया गया। इसमें विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी कला, साहित्य, संगीत, नृत्य और रंगमंच के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करेंगे।