हिसार। बगला मोड़ के पास बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से जीजेयू के छात्र की मौत हो गई। उकलाना निवासी विनय वर्मा (23) के पिता उकलाना क्षेत्र में निजी स्कूल चलाते हैं।
पुलिस को दी शिकायत में परिजनों ने बताया कि विनय बुलेट पर दवा लाने के लिए अग्रोहा के लिए करीब सवा एक बजे चला था। बगला मोड़ के पास पहुंचा तो कार से बचते समय उसका बुलेट अंनियंत्रित होकर गिर गया। इससे विनय गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सेक्टर-14 के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी का कहना है कि वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने विनय के पिता दुनीचंद के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
वहीं, गांव सदलपुर से खाबड़ा रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर से करीब साढ़े 3 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में राजस्थान के ढाबी कलां निवासी अनूप ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसने छोटे भाई अमित के बेटे को गोद लिया हुआ था। पुलिस ने अनूप की शिकायत पर भिवानी जिले के गांव रूपाणा निवासी ट्रैक्टर चालक पंछीलाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार 15 अप्रैल को वह उसकी पत्नी सीता व साढ़े 3 साल के बेटे अंश के साथ बाइक पर आदमपुर-सदलपुर होते हुए अपने घर राजस्थान जा रहा था। शाम करीब साढ़े 5 बजे सदलपुर से खाबड़ा रोड पर रेलवे फाटक से कुछ दूरी पर पति-पत्नी लघुशंका के लिए रुके। बेटा बाइक के पास ही खड़ा था। इसी दौरान सदलपुर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक ने अंश को टक्कर मार दी, जिससे वह उछल कर सड़क पर जा गिरा। उसे भट्टू मंडी सीएचसी में दाखिल करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।