हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) परिसर में चल रहे चिकित्सा विज्ञान से संबंधित कोर्सेज के लिए अपनी व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत कर रहा है। विश्वविद्यालय ने सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, हिसार के साथ क्लीनिकल ट्रेनिंग, आरएंडडी सर्विसेज और संबंधित सेवाओं के लिए मेमोरंडम ऑफ अंडरस्टैडिंग (एमओयू) किया है। जीजेयू की ओर से कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई व सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की ओर से निदेशक डॉ. तरुण सपरा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
कुलपति ने कहा कि हिसार न केवल हरियाणा बल्कि आस-पास के राज्यों के लिए भी मेडिकल हब है। हिसार में प्रतिदिन हजारों मरीज दूसरे राज्यों और शहरों से इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में यहां के अस्पतालों में प्रशिक्षित स्टाफ की निरंतर आवश्यकता रहती है। विश्वविद्यालय की ओर से फार्मेसी, फिजियोथेरेपी, हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस और साइकोलॉजी विभागों में मेडिकल से संबंधित कोर्स चलाए जा रहे हैं।
डॉ. सपरा ने कहा कि यह एमओयू दोनों संस्थानों के लिए चिकित्सा क्षेत्र में नए युग की शुरुआत करेगा। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि दोनों संस्थान पीजी/यूजी/डिप्लोमा/डिग्री का अवसर प्रदान करेंगे और शोध/प्रशिक्षण विद्यार्थियों को अपनी प्रयोगशालाओं में शोध करने की अनुमति देंगे। विवि कुलसचिव डा. विजय कुमार, डीन इंटरनेशनल अफेयर्स प्रो. नमिता सिंह, सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के राजेश मुंजाल व नितिन वालिया ने गवाह के रूप में एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर प्रो. सुमित्रा सिंह, डॉ. अर्चना कपूर व डॉ. जसप्रीत कौर भी उपस्थित रहे।