हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) ने बी फार्मेसी सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। अभ्यर्थी 18 अक्तूबर से विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.gjust.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर तय की गई है। आवेदन शुल्क और काउंसिलिंग शुल्क का भुगतान 26 अक्तूबर तक किया जा सकेगा।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ओसीईटी-2025 रैंक और क्वालिफाइंग परीक्षा की इंटर-सी मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों की रैंक 28 अक्तूबर को घोषित की जाएगी। 29 अक्तूबर को पहली संस्थागत स्तर की फिजिकल काउंसिलिंग होगी। 30 अक्तूबर को दूसरी संस्थागत स्तर की काउंसिलिंग (बिना आरक्षण) होगी।
जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी उन्हें निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश या ट्यूशन फीस जमा करानी होगी। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ओसीईटी रैंक और क्वालिफाइंग परीक्षा के अंकों पर आधारित होगी। हरियाणा राज्य के अभ्यर्थियों के लिए पारिवारिक पहचान पत्र और आधार नंबर देना अनिवार्य किया गया है। विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान यदि कोई सीटें रिक्त रहती हैं तो 30 अक्तूबर तक बिना आरक्षण के भरी जाएंगी।