हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए माइग्रेशन सर्टिफिकेट जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई कर दी है। यह फैसला कुलपति की मंजूरी के बाद लिया गया है। अब छात्र 31 जुलाई तक 5000 रुपये विलंब शुल्क के साथ अपना माइग्रेशन सर्टिफिकेट जमा करा सकते हैं। निर्धारित तिथि तक सर्टिफिकेट जमा न कराने वाले छात्रों की परीक्षा में बैठने की पात्रता स्वत: निलंबित हो जाएगी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को यह शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा कि उन्होंने किसी अन्य विश्वविद्यालय या बोर्ड से किसी अन्य पाठ्यक्रम की नियमित परीक्षा में भाग नहीं लिया है। संबंधित विभागाध्यक्षों, निदेशकों और कॉलेज प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे समय सीमा के अंदर माइग्रेशन सर्टिफिकेट न जमा कराने वाले छात्रों की परीक्षा पात्रता निलंबित करने का आदेश जारी करें और इसकी सूचना विवि की परीक्षा नियंत्रक और पंजीकरण शाखा को दें। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विलंब शुल्क या समय सीमा में कोई छूट किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित संस्थानों को इस आदेश से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जीजेयू में दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि आज
हिसार। विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए आवेदन करने की की अंतिम तिथि 19 जून है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए विश्वविद्यालय में आवेदन प्रक्रिया चल रही हैं। विशेष रूप से दिल्ली-एनसीआर, चंडीगढ़, जयपुर तथा अन्य राज्यों के विद्यार्थियों का भी जीजेयू के प्रति रुझान तेजी से बढ़ा है।
कुलपति ने बताया कि जिन विद्यार्थियों का अंतिम सेमेस्टर/वर्ष का परीक्षा परिणाम अभी लंबित है, ऐसे उम्मीदवार भी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित कॉलम में ये उम्मीदवार रिजल्ट अवेटिड भर सकते हैं। ये उम्मीदवार काउंसिलिंग की तिथि को अपने उत्तीर्ण प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं। फिर भी यदि परिणाम घोषित नहीं होता है तथा किसी कोर्स में सीटें खाली रह जाती हैं, तो काउंसिलिंग की तिथि को उनका दाखिला कर दिया जाएगा।