हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) हरियाणा को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित वैश्विक विश्वविद्यालय रैंकिंग (जीयू), लंदन, 2023 में विश्व में 1045वां, ग्रेड ए व बैंड ’गोल्ड’ और भारत में 26वां स्थान मिला है। विवि के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि दुनिया भर के सरकारी व निजी 1500 उच्च शिक्षण संस्थानों को दुनियाभर में प्रतिष्ठित ग्लोबल यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2023 के लिए शामिल किया गया था। भारत से 51 उच्च शिक्षा संस्थानों को स्थान दिया गया है और जीजेयू हरियाणा का एकमात्र सरकारी विश्वविद्यालय है, जिसने इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए हरियाणा में नंबर 1 स्थान हासिल किया है।
कुलपति प्रो. बिश्नोई ने बताया कि यह रैंकिंग 15 व्यापक मापदंडों पर आधारित रही, जिनमें अकादमिक उत्कृष्टता, अनुसंधान आउटपुट, वैश्विक प्रतिष्ठा, छात्र सफलता, संकाय-से-छात्र अनुपात, अंतरराष्ट्रीय विविधता, अनुसंधान निधि, सुविधाएं और बुनियादी ढांचा, वैश्विक साझेदारी, नवाचार एवं उद्यमिता, सामुदायिक जुड़ाव, वित्तीय स्थिरता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही, पूर्व विद्यार्थियों की सफलता, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व शामिल थे। कुलपति प्रो. बिश्नोई ने रैंकिंग के लिए पूरे विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी। इस रैंकिंग में भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु ने टॉप किया है।
कुलसचिव प्रो. विनोद छोकर ने भी विश्वविद्यालय के सभी हितधारकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि विश्वविद्यालय को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा एनआईआरएफ रैंकिंग 2023 में प्रबंधन एवं फार्मेसी श्रेणी में क्रमशः शीर्ष 100 और 51 में स्थान दिया गया है। इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल के निदेशक प्रो. आशीष अग्रवाल व उपनिदेशक प्रो. कश्मीरी लाल ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस शानदार सफलता के लिए सभी संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों व सभी हितधारकों को बधाई दी है।