हिसार जीजेयू में वीसी ऑफिस के बाहर अपने मांग को लेकर प्रदर्शन करते आउटसॉर्सिंग कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (जीजेयू) के गैर शिक्षक कर्मचारियों से अनुभव पत्र बनाने के नाम पर ठेकेदार ने एक-एक हजार रुपये मांगे हैं। इस पर सोमवार को गैर शिक्षक कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए कुलसचिव को शिकायत दी। जीजेयू कुलसचिव अवनीश वर्मा ने कर्मचारियों से कहा कि इस मामले में कमेटी का गठन कर दिया है।
गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी की स्विपर यूनियन की प्रधान व हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला महासचिव देशराज वर्मा ने बताया कि जीजेयू में अनुबंध के तहत करीब 700 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से अधिकतर कर्मचारी 10 साल से लंबे समय से कार्यरत हैं। अब इन कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड के तहत किया जाएगा। इसके लिए इन कर्मचारियों से जीजेयू में काम करने का अनुभव पत्र मांगा गया है। कर्मचारियों ने बताया कि जीजेयू ने अनुभव पत्र बनाने से मना कर दिया। नियमानुसार वही एजेंसी अनुभव पत्र बनाएगी जिस एजेंसी के तहत कर्मचारी अनुबंध पर लगे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि अनुभव पत्र के नाम पर एजेंसी का ठेकेदार हर कर्मचारी से एक-एक हजार रुपये मांग रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार ने प्रत्येक कर्मचारी से हर साल के एक हजार रुपये मांगे हैं, यानी जिस कर्मचारी को 10 साल का अनुभव पत्र बनाना है उस कर्मचारी को 10 हजार रुपये देने पड़ेंगे। कुलसचिव ने इस मामले का हल निकालने के लिए कमेटी का गठन कर दिया है। यूनिवर्सिटी डीआर शिवदयाल रंगा व डीआर सतपाल सिंह की ड्यूटी लगाई है, ये ठेकेदारों को जीजेयू में बुलाएंगे और कर्मचारियों का अनुभव पत्र बनाएंगे।