हिसार। शिव कॉलोनी में बुधवार रात युवती पूजा की हत्या के आरोपी गौरव ने पुलिस पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि सहमति संबंध में रहते हुए उसने चार साल पहले पूजा से शादी कर ली थी। पुलिस ने शुक्रवार को घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएट किया। इसके बाद गौरव को अदालत में पेश किया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश हुए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
एचटीएम थाना प्रभारी विकास के मुताबिक, गौरव ने बताया कि बुधवार रात वह और पूजा कमरे में सो रहे थे जबकि बच्चे गैलरी में सोए थे। अचानक उसके दिमाग में पूजा के किसी अन्य युवक से रिलेशन वाली बात आ गई। उसने पूजा से कहा कि उस लड़के से बात मत किया करो, इससे हमारी बदनामी होती है। इस पर पूजा भड़क गई। उसने कहा, मैं तो ऐसे ही बात करूंगी, तू मेरा क्या कर लेगा। इसके बाद उसने गालियां देना शुरू कर दिया। इससे तैश में आए गौरव ने रसोई से चाकू उठाकर पूजा पर वार कर दिया। एक हाथ से उसका मुंह दबा लिया ताकि वह चीख न सके। इसके बाद पेट, कमर और गर्दन पर तब तक चाकू मारे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
रसोई में छिपा दिया था खून से सना चाकू
गौरव ने बताया कि पूजा की हत्या के बाद उसने शव को कंबल से ढक दिया था। खून से सना चाकू रसोई में छिपा दिया। इसके बाद कमरे को बाहर से बंद कर गैलरी में रखा पानी पिया और रेलवे स्टेशन चला गया। सुबह करीब आठ बजे रेलवे स्टेशन से निकलकर ऑटो से पड़ाव पुलिस चौकी आ गया। पुलिसकर्मियों से कहा कि वह अपनी पत्नी पूजा की हत्या करके आया है। वहां से पुलिसकर्मी उसे एचटीएम थाने ले गए। गौरव ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के शामली जिले के नाला गांव का रहने वाला है। अभी शिव कॉलोनी की गली नंबर-7 में किराये के मकान में रहता है। एचटीएम थाने के एसएचओ विकास ने बताया कि गौरव के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर पूजा के शरीर पर अलग-अलग जगह 14-15 घाव मिले हैं।
2022 में पूजा के संपर्क में आया था
गौरव ने बताया कि वह 2022 में पूजा के संपर्क में आया था। कुछ समय तक दोनों सहमति संबंध में रहे। इसके बाद पूजा से शादी कर ली। पूजा की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसे एक लड़का और एक लड़की है। करीब डेढ़ साल पहले पूजा किसी युवक के साथ रिलेशन में आ गई। वह छिप-छिपकर उससे बातें करती थी। मैंने उसे समझाया कि गलत काम मत करो, इससे समाज में बदनामी होगी लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ।