हिसार। नगर निगम सफाई कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल को एक माह पूरा हो गया है। कूड़ा उठान बंद होने से शहर की स्थिति बिगड़ती जा रही है। कई जगह कूड़े में आग लगाई जा रही है। इससे उठने वाला धुआं वातावरण को जहरीला बना रहा है। सड़ते कचरे से दुर्गंध फैल रही है। मक्खी-मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।
अर्बन एस्टेट, दिल्ली रोड, मॉडल टाउन, कृष्णानगर और ऋषिनगर समेत कई इलाकों में सड़कों व पार्कों में कचरे के ढेर लगे हैं। लोग खुले स्थानों पर कूड़ा डालने को मजबूर हैं। कचरे में पशु चारा तलाशते नजर आते हैं।
आजादनगर, शास्त्रीनगर, तोशाम रोड, कैमरी रोड और गंगवा रोड पर ट्रांसफार्मरों व प्लास्टिक कोटेड तारों के आसपास कचरा जमा है। इससे आग का खतरा बना हुआ है। हाल में रोडवेज बस अड्डे से ऋषिनगर जाने वाली सड़क पर कूड़े की आग की चपेट में एक कार जल गई।लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
कूड़े में लग रही आग से धुआं और प्रदूषण बढ़ रहा है। ट्रांसफार्मरों व बिजली के तारों के पास जमा कचरा बड़े हादसे का कारण बन सकता है। एक कार जलने की घटना के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है।
मैं रोडवेज बस अड्डे के पास सड़क किनारे बैठकर मोची का काम करता हूं। मुझे हटाने के लिए आसपास के कारोबारी मेरे बैठने की जगह पर रोज सूखा और गीला कूड़ा डाल रहे हैं। विरोध करने पर झगड़ा करते हैं और पुलिस भी भेज रहे हैं। - सनी, ऋषिनगर।
-
हम विश्वकर्मा मंदिर के पास फल बेचते हैं। सामने सब्जियों की दुकानें भी हैं। सड़क पर कूड़ा फैला होने से लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। इससे ग्राहक कम आ रहे हैं और हमारा कारोबार घट रहा है। - पवन, फल विक्रेता।
-
मैं ऋषिनगर में चाय बेचता हूं। पहले 200 से अधिक चाय बेचता था लेकिन पिछले माह से दुकान के सामने कूड़े का ढेर लगा है। बदबू के कारण दुकान पर बैठना मुश्किल हो गया है। ग्राहक लौट रहे हैं और दुकानदारी कम हो गई है। - कमल, चाय विक्रेता।
-
मैं नागोरी गेट के पास दुकान चलाता हूं। यहां पिछले माह से सफाई नहीं हुई है। आसपास के दुकानदार और गृहस्वामी मेरी दुकान के सामने रोज कूड़ा डाल रहे हैं। पीछे दीवार होने से हवा के साथ कूड़ा उड़कर मेरी दुकान में पहुंच रहा है। - राकेश कुमार, दुकानदार।
-
कूड़े में लगी आग की चपेट में आकर कार तक जल चुकी है। कूड़े और उसके धुएं की बदबू से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। मक्खी-मच्छर पनपने से स्वास्थ्य संबंधी चुनौती भी बढ़ गई है। शासन-प्रशासन को कर्मचारियों की समस्या सुलझाकर व्यवस्था सुधारनी चाहिए। - देवा सिंह, नागोरी गेट।
-
नगर निगम कर्मचारी पिछले माह से कचरा उठाने नहीं आ रहे हैं। इस कारण लोग सड़कों और पार्कों जैसे खुले स्थानों पर भी कूड़ा डाल रहे हैं। कई लोग कचरा जला रहे हैं। रोकने पर झगड़ा करते हैं। - नरेश कुमार।