फेसबुक पर दोस्ती बढ़ाकर एक युवती के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुराचार किया और उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पंजाब निवासी युवती की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों का पता तलाश रही है।
पंजाब की युवती ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी विनोद कुमार नामक युवक के साथ फेसबुक पर दोस्ती हो गई। बाद में दोनों की फोन पर बातें होने लगी। युवती के अनुसार विनोद ने उससे सिरसा में मिलने की इच्छा जताई, जिस पर उसने कहा कि वह 22 दिसंबर को सिरसा में आयोजित एक धार्मिक समारोह में हिस्सा लेने आ रही है।
रविवार को वह सिरसा पहुंची और विनोद को फोन किया। विनोद मौके पर पहुंचा और उसे पीने के लिए जूस दिया। जूस पीने के बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद विनोद उसे किसी गांव में ले गया, जहां पर विनोद और उसके एक साथी ने उससे दुराचार किया। इसके बाद विनोद उसे रविवार रात करीब नौ बजे बेगू रोड पर छोड़कर फरार हो गया।
युवती ने बताया कि जब उसे थोड़ा होश आया तो उसने एक गांव में रहने वाले अपने रिश्तेदार को फोन किया। बाद में उसके रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ गांव ले गए। युवती ने बताया कि सोमवार को उसे पूरी तरह होश आया तो उसने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस में दी।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत पर विनोद और एक अन्य युवक के खिलाफ सामूहिक दुराचार का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सबसे पहले इस बात का पता लगा रही है कि विनोद रहने वाला कहां का है। साथ ही मामले में साइबर सैल की मदद ली जाएगी।