फ्यूचर मेकर कंपनी के 24 महीने में दोगुना राशि मिलने के झांसे में आकर देशभर के लाखों लोगों ने निवेश किया था। फ्यूचर मेकर कंपनी ने देशभर में करीब 15 लाख लोगों को मल्टी लेवल मार्केटिंग के जरिये सदस्य बनाकर 1200 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। कंपनी का कर्ताधर्ता राधेश्याम सातवीं पास है।
कंपनी का मुख्यालय हिसार में था। तेलंगाना में कई निवेशकों ने धोखाधड़ी की पुलिस को शिकायत की थी। 2018 में तेलंगाना पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू की थी तो पता चला था कि कई निवेशक ठगे जा चुके हैं। तेलंगाना पुलिस ने फ्यूचर मेकर के निदेशक राधेश्याम और एमडी बंसीलाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। मामले की जांच करते हुए तेलंगाना पुलिस ने हिसार में कंपनी कार्यालय पर रेड मारी थी। कंपनी के कार्यालय को सील कर दिया गया।
बाद में फतेहाबाद जिले के गांव किरढ़ान निवासी सतबीर ने भी हिसार पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी। सतबीर ने बताया था कि उसने 12 फरवरी 2015 को हिसार की रेड स्क्वेयर मार्केट में फ्यूचर मेकर लाइफ केयर कंपनी प्रा.लि. में डिस्ट्रीब्यूटर के पद पर ज्वॉइन किया था। सतबीर ने बताया था कि कंपनी के सीएमडी सीसवाल निवासी राधेश्याम सुधार व कंपनी के एमडी फतेहाबाद के गांव टिब्बी निवासी बंसीलाल सिहाग ने उसे ज्वॉइन करवाया था। सतबीर ने बताया था कि इस कंपनी में उसने व उसकी टीम ने चार हजार करोड़ कंपनी में जमा करवाए थे। जिसमें 28 करोड़ सतबीर के खुद के बकाया थे। सतबीर ने बताया था कि जब वह इस रकम को लेने अप्रैल 2018 को गया तो उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।