हिसार। धुंध और अंधेरे में सड़क हादसों का खतरा कम करने के लिए अब सड़कों की सूरत सुधारने की तैयारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने संबंधित विभागों को सफेद पट्टियां बनवाने, गड्ढे दुरुस्त करने और खराब स्ट्रीट लाइटें ठीक करवाने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में यातायात, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, एचएसवीपी, नगर निगम और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर पर्याप्त रोशनी, रिफ्लेक्टर, दिशा-सूचक बोर्ड, रोड मार्किंग और कैट-आई लगवाने को कहा। एचएसवीपी को सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और चौराहों पर यातायात संकेतक लगाने के निर्देश दिए।
नगर निगम को अवैध पार्किंग हटाने, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारने व स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त करवाने को कहा।पीडब्ल्यूडी बीएंडआर और जनस्वास्थ्य विभाग खुले मैनहोल, क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को प्राथमिकता से ठीक करवाएंगे। एसपी ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने और वाहन चालकों को धुंध में धीमी गति, फॉग लाइट और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।