बालसमंद। करीब 11.03 करोड़ रुपये मंजूरी और आठ साल के इंतजार के बाद भी चौधरी भजनलाल राजकीय महाविद्यालय बालसमंद को अपना भवन नसीब नहीं हो सका है। उधार के स्कूल भवन में चल रहे कॉलेज की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं।
पहले इस्तेमाल हो रहे कमरों को जर्जर घोषित कर तोड़ दिया गया। अब महाविद्यालय के पास महज पांच कमरे बचे हैं। इनमें करीब 150 विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ कार्यालय का कामकाज भी चलाना पड़ रहा है। स्थायी भवन का टेंडर अग्निशमन विभाग की मंजूरी में अटका है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपना परिसर मिलने का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
विज्ञापन
कॉलेज में उपलब्ध पांच कमरे विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से पर्याप्त नहीं हैं। कक्षाएं लगाने के साथ कार्यालय का संचालन भी इन्हीं कमरों में किया जा रहा है।
कार्यालय के रिकॉर्ड और जरूरी सामान रखने तक के लिए जगह की कमी है। सीमित संसाधनों में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था संभालना कॉलेज प्रबंधन के लिए चुनौती बना हुआ है। चौधरी भजनलाल राजकीय महाविद्यालय की शुरुआत 5 जुलाई 2018 को हुई थी। तब से कॉलेज गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय के भवन में संचालित हो रहा है। संवाद