नारनौंद। गांव बुडाना निवासी सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया हिसार में कार्यरत कर्मचारी अनिल कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए। शातिर ठगों ने उनके इंडसइंड बैंक के क्रेडिट कार्ड के खाते से दो लाख रुपये की ट्रांजेक्शन कर दी, जबकि पीड़ित ने किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं किया।
साइबर थाना हांसी पुलिस ने शिकायत मिलने पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अनिल कुमार ने बताया कि 3 जून को मोबाइल फोन पर बार-बार ओटीपी आने लगे। शक होने पर ट्रांजेक्शन डिटेल्स चेक की तो पाया कि कार्ड से कई बार ट्रांजेक्शन हुई है। कुल मिलाकर 4,14,551 रुपये की ट्रांजेक्शन हुई। गनीमत रही कि 2.14 लाख की ट्रांजेक्शन फेल हो गई। इस पर अनिल ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाई।
साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच के अनुसार आरोपी ने तकनीकी माध्यम से क्रेडिट कार्ड की जानकारियां हैक कर धोखाधड़ी को अंजाम देने का मामला लग रहा है।
एएसआई प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी के साथ भी ओटीपी या बैंक संबंधी कोई भी जानकारी साझा न करें।