हिसार। सेक्टर-14 पार्ट-2 स्थित दो मकान बेचने के नाम पर सेक्टर-15 निवासी सीए हिमांशु मित्तल से 5.35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। शिकायत में तहसीलदार विजय सिंह समेत छह लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। सिटी थाने से जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि आजाद, अजित और ज्योति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हिमांशु के अनुसार मई 2025 में आरोपियों ने दोनों मकानों का सौदा 5.35 करोड़ रुपये में तय किया। उन्होंने अपने और पत्नी के खातों से 5.26 करोड़ 50 हजार रुपये का भुगतान किया। टीडीएस व अन्य शुल्क के 9.50 लाख रुपये रोक लिए गए। आरोपियों ने कब्जा, मूल दस्तावेज और चाबियां सौंप दीं तथा एचएसवीपी से हस्तांतरण की अनुमति भी मिल गई।
बाद में रजिस्ट्री कराने से आरोपी टाल-मटोल करने लगे। न्यायालय में उन्होंने रकम प्राप्त करना स्वीकार किया। इसी बीच पता चला कि आरोपियों ने 10 सितंबर 2024 को ही इन्हीं संपत्तियों का अनिल कुमार और सुरेंद्र कुमार के साथ इकरारनामा कर रखा था। शिकायतकर्ता ने इसे रकम हड़पने की साजिश बताया है।