सिवानी मंडी (हिसार)। सिवानी में प्लॉट को लेकर ससुर व दामाद पर नशा तस्करी का झूठा मामला दर्ज करवाने के मामले में पुलिस ने महकमे में तैनात एएसआई, 2 हेड कांस्टेबल सहित कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को सिवानी स्थित अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी एएसआई व 2 हेड कांस्टेबल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं एक आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। इस मामले में पुलिस ने पहले ही षड्यंत्र रचने वाले मामले के मुख्य आरोपी व उसके एक सहयोगी वकील को गिरफ्तार कर लिया था, जो जेल भेजे गए हैं।
जानकारी के अनुसार सिवानी पुलिस ने नारकोटिक्स विभाग की शिकायत के आधार पर 27 जुलाई 2023 को एक इनोवा कार में एक किलो 485 ग्राम नशीला पदार्थ तस्करी करने के मामले में हांसी निवासी राजेश व राजीव के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था। मामले के आरोपी राजीव की पत्नी प्रियंका ने उच्च अधिकारियों के सामने पेश होकर आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके पिता व पति को झूठे मामले में फंसाया गया है।
इसके बाद जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि इस मामले में किकराल निवासी रघुबीर व हांसी निवासी वकील मनोज ने एक प्लॉट के मामले को लेकर यह पूरी साजिश रची थी। उन्होंने राजीव व राजेश को सिवानी बुलाकर उनकी गाड़ी में नशीला पदार्थ रख दिया और नारकोटिक्स विभाग की टीम को सूचना देकर उन्हें गिरफ्तार करवा दिया। इस मामले में जब मामले की जांच कर रही एसआईटी ने मामले के मुख्य आरोपियों को काबू कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस मामले में नशीला पदार्थ दिलवाने में नारकोटिक्स विभाग में ही तैनात एएसआई राकेश व हेड कांस्टेबल महेंद्र व राकेश ने उनकी मदद की। पूछताछ में तीनों पुलिस कर्मियों ने बताया कि नशीला पदार्थ बवानीखेड़ा निवासी मोहित ने मुहैया कराया था।