नारनौंद। पुलिस ने उपमंडल के नागरिक अस्पताल में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. बिट्टू के सरकारी आवास में डेढ़ माह पहले हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल चार आरोपियों स्थानीय निवासी सोनू, मनीष, अजय व राकेश को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी कुलबीर सिंह ने आरोपियों से गैस सिलिंडर, गीजर, 1800 रुपये नकद और वारदात में प्रयोग की गई बाइक बरामद कर कब्जे में ली है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
डॉ. बिट्टू एक अगस्त से 30 सितंबर के बीच छुट्टी पर घर गए थे। जब वह एक अक्तूबर को ड्यूटी पर लौटे और आवास नंबर-तीन में पहुंचे, तो दरवाजे टूटे मिले और अंदर रखा सामान गायब था।डॉक्टर के अनुसार इस चोरी से उन्हें करीब दो से ढाई लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। डॉ. बिट्टू की शिकायत पर थाना पुलिस ने प्राथमिक दर्ज की थी।