चानौत गांव के चर्चित टी प्रकरण मामले में रिहा होने के बाद समर्थकों के साथ पूर्व सरपंच सोमेश। स
हांसी। चानौत गांव के चर्चित टी प्रकरण में पूर्व सरपंच सोमेश को अदालत से बड़ी राहत मिली है। एक दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद बुधवार को उन्हें जमानत मिल गई। इससे पहले सदर थाना पुलिस ने सोमेश को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था।
जमानत मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में समर्थक अदालत परिसर पहुंच गए। भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए समर्थकों को कोर्ट परिसर से बाहर कर दिया। अदालत से बाहर आने पर समर्थकों ने सोमेश का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
20 जून को पाइपलाइन पर लगाई गई थी टी :
चानौत गांव में पेयजल की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान 20 जून को हांसी जाने वाली पाइपलाइन पर टी लगाई गई थी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की शिकायत पर 22 जून को अवैध रूप से टी लगाने का मामला दर्ज किया गया। उसी रात प्रशासन ने कार्रवाई कर पाइपलाइन से टी हटा दी। इसके बाद 23 जून को इस प्रकरण में करीब 500 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया जिसमें सोमेश का नाम भी शामिल था।
विधायक और मंत्री की सदस्यता रद्द करने की उठाएंगे मांग :
जमानत मिलने के बाद सोमेश ने पुलिस पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। उनके अधिवक्ता सुखवंत सिंह ने कहा कि वे हांसी के विधायक विनोद भयाना और जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा के विरुद्ध विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष सदस्यता रद्द करने की मांग उठाएंगे। इस संबंध में न्यायालय में भी याचिका दायर की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 12 दिसंबर को निर्धारित की गई है।