हाॅकी प्रतियोगिता की उपविजेता हरियाणा की टीम।
हिसार। अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मंडल के तत्वावधान में मध्यप्रदेश के जबलपुर में 15 से 17 दिसंबर तक आयोजित 47वीं अखिल भारतीय विद्युत हॉकी प्रतियोगिता में हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न विद्युत इकाइयों की मजबूत टीमों ने भाग लिया। हरियाणा की टीम ने प्रत्येक मैच में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और कठिन मुकाबलों के बीच फाइनल तक का सफर तय किया।
हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के स्पोर्ट्स सेक्रेटरी एवं हॉकी टीम के गोलकीपर एसडीओ सुनील वर्मा ने बताया कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुशासन, टीमवर्क और जुझारूपन का परिचय दिया।
टीम की इस उपलब्धि पर हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के जनरल सेक्रेटरी एवं बैडमिंटन कोच सुरेंद्र कुमार ने हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह सफलता न केवल खिलाड़ियों बल्कि अन्य कर्मचारियों और खेल प्रेमियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि खेल में हर जीत आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है और हॉकी टीम अब अपने अगले लक्ष्य की तैयारी में जुट गई है।