हिसार। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश के बाद शिक्षा निदेशालय ने पुस्तकें भेजनी शुरू कर दी हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि नए शैक्षणिक सत्र के पहले माह अप्रैल में सरकारी स्कूलों की किताबें जिले स्तर पर पहुंची हैं। सबसे पहले जिले में पहली व 6वीं कक्षा की कुल 14 हजार किताबें आई हैं। जिन्हें गांव गंगवा स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रखवा दिया गया है। धीरे-धीरे शेष कक्षाओं की किताबें भी संबंधित स्कूल में पहुंचेगी। अगले सप्ताह से किताबें स्कूलों में पहुंचनी शुरू हो जाएंगी। खास बात है कि कक्षा 6 से 8वीं की किताबें सीधे तौर पर सरकारी स्कूलों में पहुंचेगी। जिसकी जिम्मेदारी वेंडरों की होगी, जोकि संबंधित हेड कलेस्टर व बीईओ को सूचित कर स्कूलों में किताबें पहुंचाने का काम करेंगे।
1 से 8वीं कक्षा में पढ़ते हैं 90 हजार बच्चे
सरकारी स्कूलों में पहली से 8वीं कक्षा तक करीब 90 हजार विद्यार्थी पढ़ते हैं, जिनके लिए निदेशालय की ओर से किताबें पहुंचाई जाएंगी। जिनमें अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान सहित अन्य विषय शामिल है। जिनकी किताबें पहुंचना बाकि हैं।
सीएम ने 15 अप्रैल तक तमाम पुस्तकें भेजने के दिए आदेश
सीएम ने कहा था कि हर हाल में 15 अप्रैल तक जिले स्तर पर पुस्तकें पहुंचनी शुरू हो जाएंगी। साथ ही निदेशालय को स्पष्ट आदेश दिए थे कि वे सख्ती से पुस्तकें पहुंचाने का काम शुरू कर दें। ताकि नए शैक्षणिक सत्र में आने वाले विद्यार्थियों को पुस्तकों के टोटे के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े।
गांव गंगवा स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पुस्तकें पहुंचनी शुरू हो गई हैं। अनुमान है कि 1 व 6 कक्षा की 14 हजार से अधिक किताबें आईं होगी। छात्र संख्या से थोड़ी ज्यादा किताबें जिले स्तर पर पहुंचेगी। हमारी तरफ से अतिरिक्त डिमांड भी भेजी जा चुकी है। ताकि जैसे-जैसे पोर्टल पर विद्यार्थियों की संख्या एमआईएस पोर्टल पर बढ़ती जाएगी। वैसे-वैसे उन्हें पुस्तकें मुहैया करवाते जाएंगे।
- डॉ. निर्मल दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, हिसार।