कोहरे में हादसे के बाद खड़े वाहन।
हिसार। सीजन का पहला घना कोहरा रविवार सुबह सड़कों पर काल बनकर उतरा। शहर के आसपास अलग-अलग जगहों पर आठ वाहन आपस में टकरा गए। इन हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 घायल हैं। नेशनल हाईवे 52 पर धिकताना मोड़ के पास रोडवेज की दो बसों समेत पांच और ढंढूर के पास तीन वाहन भिड़ गए।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि करीब 9:30 बजे कैथल डिपो की एक बस धिकताना मोड़ के पास पहुंची तो एक ट्रक ने अचानक कट मारा। इस वक्त घना कोहरा होने के कारण बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इस दौरान एक कार, बाइक और पीछे चंडीगढ़ से आ रही हिसार डिपो की बस भी इनसे टकरा गई।
इससे कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन बाइक सवार खेड़ी बर्की निवासी सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। हिसार बस डिपो के ड्यूटी इंस्पेक्टर ने बताया कि एक बस में 30 से 35 यात्री सवार थे जबकि, दूसरी में 15 से 20 यात्री थे। रविवार होने की वजह से बसों में ज्यादा यात्री नहीं थे। चालकों की सूझबूझ से यात्रियों का बचाव हो गया।
बस के पहिये के नीचे आया बाइक सवार का सिर : सिरसा हाईवे पर धुंध के दौरान अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिए गए। इसी दौरान तेज रफ्तार बस आई और युवक के सिर को कुचल कर चली गई। मृतक की पहचान मनदीप (34) के रूप में हुई है। वह ढाणी श्यामलाल का रहने वाला था। वहीं घायल युवक की पहचान सुनील के रूप में हुई है।
नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े मनदीप के परिजनों ने बताया कि बेटा पांच साल से भैंस फार्म में कौशल रोजगार योजना के तहत दूध निकालने का काम करता था। वह सुबह करीब 6:30 बजे अपने दोस्त सुनील के साथ बाइक से घर आ रहा था। पुलिस ने मनदीप के शव को अस्पताल पहुंचाया। परिजन राजकुमार ने बताया कि मनदीप के दो छोटे बच्चे हैं।
एसएचओ सदर थाना नवीन का कहना है कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उधर, सिरसा हाईवे पर ढंढूर के पास दो बसें और एक कार आपस में टकरा गई। हादसे में कार सवार जींद के बीबीपुर के रोशन और दिनेश घायल हो गए। दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिनेश ने बताया कि उनकी कार ढंढूर के पास पहुंची तो आगे चल रहे बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। उन्होंने खुद को बचाने के लिए कार की स्पीड कम की। ऐसे में पीछे से आ रही बस ने उनकी कार में टक्कर मार दी।