उकलाना हलके के गांव में ग्रामीणों को संबोधित करते दुष्यंत चौटाला। स्रोत : आयोजक
हिसार। प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यन्त चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी अपना सम्मान करवाने के लिए हिसार के खरक पूनिया में पहुंचे थे। उन्होंने दर्जनों गांवों में खेतों के बदतर हालात देखे होंगे। उन खेतों में खड़ा पानी, ना मुआवजा और ना ही अगली फसल की आस है। किसान सिर्फ प्रताड़ना झेल रहे हैं। दुष्यंत बुधवार को जननायक जनता पार्टी के 7 दिसंबर को जुलाना में आयोजित पार्टी के 8वें स्थापना दिवस समारोह के उकलाना हलके का दौरा कर रहे थे।
उन्होंने गांव बयानखेड़ा, ज्ञानपुरा, खरक पूनिया, बधावड, लितानी, कल्लरभैणी में कई कार्यक्रमों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं व ग्रामवासियों को रैली का निमंत्रण दिया। दुष्यंत ने कहा कि मंडियों में किसान की फसल खरीदने की कोई व्यवस्था नहीं है। जीरी की फसल में 350 से 400 रुपये तक की कटौती की जा रही है बाजरा 2775 एमएसपी होने के बावजूद 1800 रुपये में किसान आढ़ती को बेचने को मजबूर है।
38 हजार बुजुर्गों की पेंशन काटने का आरोप लगाया
उन्होंने आरोप लगाया कि बुढ़ापा पेंशन केवल 200 रुपए बढ़ाने की सरकार ने घोषणा की और दूसरी तरफ 38,000 बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई। लाडो लक्ष्मी योजना के नाम पर प्रदेश मे महिलाओं बेटियों के साथ धोखा किया गया। एक लाख फार्म भरवाए गए और उसमें से 75 प्रतिशत कैंसिल कर दिए गए। शेष 25 प्रतिशत महिलाओं को 6 महीने बाद खाते में पैसे आएंगे।