हांसी। नवगठित हांसी जिले का पहला जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को राजकीय महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। वहीं नारनौंद के कार्यक्रम में विधायक विनोद भयाना शिरकत करेंगे।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय और अनुशासित ढंग से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां निर्धारित कर दी गई हैं।
उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करें। समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, मंच व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डीसी राहुल नरवाल ने बताया कि तैयारियों को परखने और उन्हें अंतिम रूप देने के उद्देश्य से 24 जनवरी को राजकीय महाविद्यालय परिसर में फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा। इसमें परेड में शामिल सभी टुकड़ियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता का पर्व है, जिसे पूरे उत्साह, गौरव और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि यह समारोह आमजन के लिए प्रेरणास्रोत बने और देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करे।