फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छूट का पहला दिन, सड़कों और बाजारों में दिखी भीड़

विज्ञापन
14 - देख इधर यार, तेरा ध्यान किधर है.... 40 दिन के लॉकडाउन से छूटे तो मानो पूरा शहर ही नागोरी गेट बाजार पहु - फोटो : Hisar
विज्ञापन
ऑरेंज जोन में शामिल हिसार जिले में लॉकडाउन से छूट मिली तो लोगों ने नियमों की सरेआम धज्जियां ही उड़ा दीं। दुकानों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों में कहीं भी सामाजिक दूरी नहीं दिखी। सैलूनों में भी नियमों की अवहेलना की गई। ऑटो चालकों ने नियमों का तो पालन किया, लेकिन उसकी एवज में सवारियों से तीन गुणा अधिक किराया वसूला। इस दौरान विभिन्न मार्केट एसोसिएशन ने दुकानों को सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक ही खोलने का फैसला किया। हालांकि पहले दिन कुछ दुकानदारों ने ही फैसले की पालना की। यही नहीं बाजारों में दुुकानदारों ने दुकानों से बाहर भी सामान रख लिया। पुलिस प्रशासन की सख्ती के बाद दुकानदारों ने सामान अंदर रखा। उधर, शहर के बफर व कंटेनमेंट जोन में दुकानें बंद रहीं। लॉकडाउन 3.0 के पहले दिन उपायुक्त व एसपी दोनों ने शहर का दौरा किया।
विज्ञापन

बता दें कि लॉकडाउन के 40 दिन पूरे होने के बाद सरकार की तरफ से नियमों में कुछ शर्तों के साथ सभी तरह के प्रतिष्ठानों को खोलने की छूट दी। सोमवार को पहला दिन था। अमर उजाला टीम ने शहर का दौरा किया। इस दौरान प्रतिष्ठान तो सभी खुले दिखे, लेकिन नियमों का पालन कहीं भी नजर नहीं आया।
बस स्टैंड एरिया : सुबह 11:20 बजे
बस स्टैंड परिसर एकदम सुनसान नजर आया। मगर बस स्टैंड के ठीक सामने सड़क पर काफी संख्या में वाहन दौड़ते नजर आए। सड़क किनारे भी आम दिनों के मुकाबले ज्यादा वाहन खड़े थे। लॉकडाउन में मिली छूट के कारण से यहां तैनात पुलिस कर्मचारी भी बेबस दिखे। तलाकी गेट पर हालात यह रहे कि दिन में कई बार जाम की स्थिति बनी।
विज्ञापन

नागौरी गेट एरिया : सुबह 11:45 बजे
यहां जनरल स्टोर व दवा की दुकानों पर काफी भीड़ नजर आई। जहां प्रशासन का आदेश है कि बड़ी दुकानों में एक समय में पांच और छोटी दुकानों में दो से ज्यादा ग्राहक एकत्रित नहीं होने चाहिए, वहीं इन दुकानों में निर्धारित संख्या से ज्यादा लोग एकत्रित नजर आए। यही नहीं यहां जाम की स्थिति भी बनी थी। जैन गली के किनारे पर एक पनवाड़ी की दुकान खुली दिखी, जिस पर कुछ लोग खरीदारी कर रहे थे, जबकि नियमानुसार सभी तरह के तंबाकू उत्पादों को बेचने पर रोक लगा रखी है।
राजगुरु मार्केट एरिया : दोपहर 12:30 बजे
यहां दुकानों के बाहर सड़क पर सामान रखा हुआ था। सिटी थाना पुलिस ने यह सामान दुकानों में रखवाया और दुुकानदारों को सामान बाहर न रखने की हिदायत दी। राजगुरु मार्केट में ज्यादातर दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते दिखे। पूजा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर काफी भीड़ थी, यहां भी सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा था। मोती बाजार में एक दुकान पर एक युवती चूड़ा खरीद रही थी। युवती ने बताया कि उसकी शादी है, इसी सिलसिले में खरीदारी के लिए वह बाजार आई है।
गांधी चौक एरिया : दोपहर 1:15 बजे
यहां तिरपाल की एक दुकान पर भी ग्राहकों की भीड़ दिखी। न तो ग्राहक सामाजिक दूरी का पालन कर रहे थे और न ही दुकानदार उन्हें टोक रहा था। ऐसा ही हाल एक हार्डवेयर की दुकान पर भी दिखा। खजांचियान मार्केट में एक छोटी सी मोबाइल की दुकान में आठ से दस ग्राहक नजर आए। हालांकि दूसरी तरफ इसी मार्केट में एक ज्वैलर्स शॉप पर एक दुकानदार अंदर आने से पहले ग्राहक के हाथ सैनिटाइज कराता दिखा। गुलाब सिंह चौक पर दुकान में नाई एक ग्राहक के बाल काट रहा था। नाई ने अपना ही कपड़ा इस्तेमाल किया हुआ था, जबकि नियमानुसार नाई को ग्राहक का तौलिया ही इस्तेमाल करना है। यही नहीं कटिंग के रेट भी 50 से बढ़ाकर 80 रुपये कर दिए।
पारिजात चौक एरिया : दोपहर बाद 2:00 बजे
यहां चौक पर स्थित साइकिल की दुकानों पर खड़े ग्राहक बिना मास्क के दिखे। दुकान मालिक ने भी उन्हें मास्क के लिए नहीं टोका।
डीसी कॉलोनी : दोपहर बाद 2:30 बजे
चूंकि यह एरिया कंटेनमेंट जोन में शामिल है तो यहां सभी दुकानें बंद दिखीं और लोगों की आवाजाही भी न के बराबर ही नजर आई। हालांकि बफर जोन पुष्पा कॉम्प्लेेक्स में कई दुकानें खुलीं, जिन्हें एएसआई दिनेश सिवाच ने बंद कराया।
ऑटो चालक ने प्रति सवारी 50 रुपये किराया वसूला
छूट के पहले दिन कुछ ही ऑटो सड़कों पर दिखे। नियमानुसार ऑटो चालक एक साथ दो ही सवारियों को ऑटो में बैठा सकते हैं। ऑटो चालक नियम का तो पालन करते दिखे। मगर इसकी एवज में उन्होंने सवारियों से तीन गुुणा ज्यादा किराया वसूला। खासकर शहर से सातरोड जाने वाले ऑटो चालकों ने प्रति सवारी 50 रुपये किराया लिया, जबकि आम दिनों में इसी रूट पर ऑटो चालक 15 से 20 रुपये किराया लेते हैं।
डीसी-एसपी ने लिया स्थिति का जायजा, बोले - हालात बिगड़े तो फिर बंद होंगे बाजार
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, एसपी गंगाराम पूनिया ने सोमवार को संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा करते हुए बाजारों, सब्जी मंडी, दिल्ली रोड, पटेल नगर, कंटेनमेंट एवं बफर क्षेत्रों सहित अनेक स्थानों का दौरा किया। उन्होंने बाजारों में दुकानदारों को सामाजिक दूरी के नियमों की अनुपालना संबंधी निर्देश भी दिए। एसडीएम डॉ. वेदप्रकाश सहित अन्य अधिकारी भी उनके साथ थे। उपायुक्त ने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों को सावधानी व जिम्मेदारी से खोला जाए। यदि सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया तो कोरोना का संक्रमण फैल सकता है और यदि ऐसा हुआ तो बाजार दोबारा बंद करवाने पड़ेंगे। दौरे के दौरान डीसी ने लाहौरिया चौक पर एक प्लाइवुड के शोरूम को बंद करवाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें