हांसी में अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते एसडीएम कुलभूषण बंसल।
हांसी। हिसार चुंगी स्थित शहीद स्टेडियम में पटाखों की बिक्री होगी। पटाखों के लाइसेंस के लिए मंगलवार शाम को लघु सचिवालय में ड्राॅ निकाला गया। लाइसेंस के लिए कुल 35 आवेदन आए थे। सभी को लाइसेंस जारी किए गए। वहीं एसडीएम ने त्योहारी दिनों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
पटाखों की स्टॉल बुधवार से लगेंगी। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से फायर ब्रिगेड भी तैनात रहेगी। त्योहारी सीजन में किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हो, इसको लेकर एसडीएम कुलभूषण बंसल ने मंगलवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां निर्धारित की। बैठक में तहसीलदार अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।
पराली जलाने पर करवाएं एफआईआर दर्ज
एसडीएम ने कहा कि उप मंडल क्षेत्र में कहीं भी पराली जलने की घटना नहीं होनी चाहिए। पराली जलाने की घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में नजर बनाए रखें। अगर किसी व्यक्ति द्वारा पराली जलाई जाती है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वह गांव-गांव जाकर किसानों को फसल अवशेष न जलाने के बारे में जागरूक करें।