हांसी। दिवाली की रात जमकर हुई आतिशबाजी ने हांसी की आबोहवा बिगाड़ दी। पटाखों से निकले धुएं और हानिकारक कणों के कारण शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 340 तक पहुंच गया।
वातावरण में धुएं की परत छाने से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हुई। हालांकि सोमवार को हवा चलने से कुछ राहत मिली और एक्यूआई 49 अंक गिरकर 291 पर आ गया। इसके बावजूद हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है।
दिवाली से पहले ही वाहनों की आवाजाही, बाजारों में भीड़ और धूल-मिट्टी के कारण प्रदूषण बढ़ने लगा था। आतिशबाजी ने स्थिति को और गंभीर कर दिया। पटाखों से निकलने वाले सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें हवा में घुल गईं।
पटाखों से निकलने वाले बारीक कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर खांसी, गले में खराश और सांस संबंधी परेशानी पैदा कर सकते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बाजारों और मुख्य सड़कों पर वाहनों की आवाजाही तथा निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल भी प्रदूषण बढ़ा रही है। विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से खुले में घूमने तथा सुबह-शाम खुले में व्यायाम करने से बचने की सलाह दी है। वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल कम करने की भी अपील की गई है।
किसानों को फसल अवशेष न जलाने के लिए किया जा रहा जागरूक :
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एसडीओ कीर्ति सैनी ने बताया कि पटाखों से धुआं और सूक्ष्म प्रदूषित कण बढ़ने से एक्यूआई प्रभावित हुआ है। हवा चलने से सोमवार को प्रदूषण स्तर में गिरावट आई है। किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। आमजन और किसान पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।