हांसी। दिल्ली रोड स्थित एक निजी महाविद्यालय में आयोजित एनएसएस शिविर में स्वयंसेवकों को आग लगने की घटनाओं में बचाव और प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। दमकल विभाग से फायर ऑपरेटर विनोद जांगड़ा, राहुल और जसवीर ने स्वयंसेवकों को बताया कि भवन में आग लगने की स्थिति में फायर सेफ्टी उपकरणों का सही उपयोग कैसे किया जाता है। रसोई गैस सिलिंडर में आग लगने पर उस पर काबू पाने के सुरक्षित तरीके भी समझाए।
विनोद जांगड़ा ने बताया कि गैस लीकेज की स्थिति में किसी भी प्रकार का बिजली स्विच या उपकरण चालू नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे विस्फोट की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने दमकल वाहन में मौजूद उपकरणों और उनके उपयोग की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई। एनएसएस कमांडिंग ऑफिसर सुनील कटारिया ने दमकल विभाग की टीम को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।