जिले के बरवाला नगर में विस्फोट से जली कार में रखा पोटाश और पटाखों का डिब्बा।
- फोटो : 1
बरवाला (हिसार)। कस्बे के सिविल अस्पताल मार्ग पर बुधवार शाम एक कार में हुए विस्फोट के बाद आग लग गई। इससे कार में सवार तीन लोग झुलस गए। धमाका सुनकर आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।
हिसार तहसील के गांव ढंढूर निवासी बिट्टी बुधवार को एक विवाह समारोह में शामिल होने कार में सवार होकर बरवाला आए थे। उनके साथ पत्नी ज्योति और बहन प्रिया भी थी। शादी में बजाने के लिए लाए गए पटाखे इसी कार में रखे थे।
इस बीच वह वार्ड नंबर छह निवासी अपने किसी परिचित के घर में गए थे। वहां से लौटते समय जैसे ही कार बरवाला के सिविल अस्पताल मार्ग पर पहुंची तो असंतुलित होकर कार एक बाइक से टकरा गई। इसके बाद कार में रखे पटाखों में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। वहां मौजूद लोगों ने कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
आसपास के लोगों ने आग की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची व मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि कार में पटाखे रखे थे, इनमें अचानक विस्फोट हुआ और कार में आग लग गई।