पीजी में आग लगने से जलने सामान। अमर उजाला
- फोटो : Hisar
हिसार। शहर के रेलवे स्टेशन के पास एक तीन मंजिला पीजी में सुबह सवा 11 बजे गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। घटना के समय पीजी में 10 से 15 युवक मौजूद थे। सभी आग लगने पर पीजी से बाहर निकल आए, मगर एक युवक अंदर ही फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सकुशल बाहर निकाला। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से पीजी की दो मंजिलों पर रखा सारा सामान जल गया।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन के पास स्थित विजय नगर में एक तीन मंजिला भवन में गंगा के नाम से लड़कों का एक पीजी चलाया जा रहा है। रविवार सुबह करीब सवा 11 बजे पीजी की रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई। सिलिंडर में आग लगी देखकर पीजी के कुक व मालिक ने सभी लड़कों को बाहर निकाल दिया और खुद भी बाहर आ गए। इसके साथ पीजी मालिक एवं 12 क्वार्टर निवासी हितेश ने दमकल विभाग को सूचित कर दिया। आग की घटना के बाद एक लड़का पीजी के अंदर आग में फंस गया। पीजी में मौजूद अन्य लड़कों के अनुसार उक्त लड़का पीजी की छत पर चला गया। घटना के करीब 10 मिनट में पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने साथ लगते मकान की छत पर जाकर उक्त लड़के को सकुशल बाहर निकाला।