घिराय। नियाना और शिकारपुर के बीच कूलर फैक्टरी के पास वीरवार शाम भिवानी डिपो की रोडवेज बस के अगले हिस्से में अचानक आग लग गई। चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस सड़क किनारे रोक दी और परिचालक के साथ सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार बस भिवानी से हिसार पहुंचने के बाद शिकारपुर, नियाना होते हुए खरड़ जा रही थी। शाम करीब 6:20 बजे बस के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में वहां आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास किए।
घटना में किसी यात्री, चालक या परिचालक के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।