हिसार। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक घर में बुधवार सुबह आग लग गई। इस घटना में घर का सारा सामान जल गया, जिसमें बेटी की शादी के लिए खरीदा सामान भी शामिल है। 3 मई को परिवार की लड़की की शादी है। हादसे के समय घर में कोई नहीं था। सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी रिटायर्ड पुलिस कर्मचारी कृष्ण कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह उन्होंने मकान नंबर 504 से धुआं निकलते देखा। पास आकर देखा तो मकान में आग लगी थी। चूंकि उस समय घर पर कोई मौजूद था तो उन्होंने पड़ोसियों के साथ मिलकर अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच उन्होंने दमकल विभाग को आग की सूचना दी। वहीं, मकान नंबर 504 निवासी युवक वाशु ने बताया कि बुधवार सुबह वह सेक्टर स्थित एक अस्पताल में दाखिल अपने नाना से मिलने चले गए, जबकि दादी पड़ोस में किसी के घर चली गई। इसी बीच वह घर रुपये लेने के लिए आया तो मकान में आग लगने का पता चला। वाशु ने बताया कि 3 मई को उसकी बहन जस्सी की शादी है। उसकी शादी के लिए लाया गया सामान भी आग में जल गया।
दमकल को आग बुझाने में आई दिक्कत -
उधर, दमकल विभाग को गली के संकरी होने के कारण आग बुझाने में दिक्कत आई। यही नहीं, गली में दमकल की गाड़ी के घुसते समय एक दुकान का शटर भी चपेट में आकर उखड़ गया। आग बुझाने में दमकल को डेढ़ घंटे का समय लगा। गनीमत यह रही कि आग के अन्य घरों तक फैलने से पहले ही इस पर काबू पा लिया गया। इस दौरान टीम ने घर से दो सिलिंडर भी बाहर निकाले। अगर ये सिलिंडर फटते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग : वाशु
वाशु ने बताया कि फ्रिज के स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। धीरे-धीरे यह आग घर में बने मंदिर तक पहुंची। मंदिर के पास कपड़े रखे थे। इनके जरिये आग पूरे घर में फैल गई। उधर, घर की महिलाएं जैसे ही मौके पर पहुंची तो घर के हालात देखकर बेहोश हो गई। पड़ोसियों ने उन्हें संभाला।