हिसार। गांव दौलतपुर निवासी मोनिका ने जवाहर नगर निवासी रानी देवी पर फर्जी दस्तावेज के सहारे गाड़ी का स्वामित्व अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि मामले में रानी देवी को नामजद किया गया है। शिकायत में मोनिका ने आरोप लगाया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर गाड़ी अपने नाम ट्रांसफर करवाई। उन्होंने सिविल लाइन थाने के सहायक उप निरीक्षक संजय पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि फॉरेंसिक जांच के बिना रिपोर्ट तैयार की गई जिससे आरोपी को फायदा पहुंचा।
मोनिका के अनुसार वह पहले भी पुलिस अधीक्षक और उपमंडल अधिकारी को शिकायत दे चुकी हैं। संदेह दूर करने के लिए निजी हस्तलेख विशेषज्ञ शमशेर सिंह मलिक से दस्तावेज की जांच करवाई गई। रिपोर्ट में उपमंडल कार्यालय में किए गए हस्ताक्षरों को फर्जी बताया गया है।आरोप है कि रानी देवी का 30 लाख रुपये देकर गाड़ी का स्वामित्व हासिल करने का दावा गलत है। दस्तावेज में किसी को नॉमिनी भी नहीं दर्शाया गया है। ब्यूरो