हांसी। शहर थाना पुलिस ने भैंस खरीद के नाम पर 1.19 करोड़ रुपये की कथित ठगी, आपराधिक विश्वासघात और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मध्य प्रदेश के जबलपुर क्षेत्र के सात व्यापारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई रामपुरा निवासी पशु व्यापारी सुरेश यादव की शिकायत पर की गई।
शिकायत के अनुसार, 1 से 7 जनवरी 2024 के बीच जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए सात व्यापारियों ने सुरेश यादव से उधार पर भैंसें खरीदीं। शुरुआती लेनदेन में आरोपियों ने समय पर भुगतान कर उनका विश्वास जीता। इसके बाद वे लगातार उधार पर पशु खरीदते रहे जिससे बकाया राशि बढ़कर 1 करोड़ 19 लाख 1 हजार रुपये हो गई।
सुरेश यादव का आरोप है कि भुगतान मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। वहीं, बकाया राशि की मांग करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट, मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य सौंपे हैं। पुलिस ने राजकुमार, राजेश, जगदीश, लाखा, मन्नु, जयबीर और निकेतन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।