हिसार। हरियाणा व्यापार मंडल के अध्यक्ष बजरंग गर्ग के भाई कृष्ण गर्ग पर दुकान का ताल तोड़कर वहां से 50 लाख रुपये का सामान चोरी करने का आरोप लगा है। मामले की शिकायत जयपुर निवासी तुषार तायल ने शहर थाने में दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि हिसार के तेलियान पुल के पास उसकी माता के नाम से एक दुकान खरीदी गई थी, जो जून 2018 को उसके नाम की गई थी। तुषार ने आरोप लगाया कि सेक्टर- 14 निवासी कृष्ण गर्ग ने दुकान पर कब्जा करने की नीयत से फर्जी इकरारनामा बनाया और दुकान पर कब्जा लेने के लिए एडिशनल सेशन जज शिफा की अदालत में याचिका दायर की। तुषार ने बताया कि यह याचिका उसने 20 अप्रैल 2021 को वापस ले ली, लेकिन उसी रात उसकी दुकान के ताले तोड़ दिए और साथियों के साथ मिलकर वहां से 50 लाख रुपये की कीमत का बिजली का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में शहर थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर आरोपी कृष्ण गर्ग के खिलाफ धारा 506, 379, 451, 457, 467, 468 और 471 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।