बास। थाना क्षेत्र के गांव बास आजमशाहपुर में आपसी कहासुनी मारपीट में बदल गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और डॉक्टरी राय के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है। तीन सितंबर की शाम उसकी भाभी ऊषा घर पर थी। तभी गांव का ही शंकर वहां पहुंचा और ऊषा को गालियां देने लगा। विरोध करने पर शंकर ने झगड़ा शुरू कर दिया और मौके पर पड़े डंडे से राजेश के सिर पर वार कर दिया। इसी दौरान शंकर की मां कृष्णा और बहन पूजा भी वहां आ गईं और झगड़े में शामिल हो गईं।
राजेश का भतीजा मुकेश बीच-बचाव करने आया तो शंकर ने उसके चेहरे पर घूंसा मार दिया। कृष्णा और पूजा ने भी मारपीट की। घायलों को खांडा खेड़ी सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया गया।
जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ितों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर शंकर, उसकी मां कृष्णा और बहन पूजा के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।